

पंजाब के अमृतसर में सुल्तानविंड रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय मासूम बच्ची को कथित नशे की हालत में धुत एक पुलिसकर्मी ने अपनी तेज रफ्तार कार से कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि बच्ची कार के नीचे फंस गई, जिसे मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. घटना के बाद इलाके में भारी रोष फैल गया और गुस्साए लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पुलिसकर्मी को मौके पर ही दबोचकर सुल्तानविंड चौकी पुलिस के हवाले कर दिया.
शराब के नशे में धुत था आरोपी हवलदार, कार से मिली बोतल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है. चश्मदीद और अंबेडकर समाज दल के यूथ प्रेसिडेंट राहुल सोरी ने बताया कि जब यह हादसा हुआ, तब आरोपी हवलदार शराब के नशे में इस कदर चूर था कि वह न तो ठीक से खड़ा हो पा रहा था और न ही उसकी आंखें खुल रही थीं. वह उल्टियां कर रहा था और उसके मुंह से लार टपक रही थी. लोगों ने जब उसकी ऑल्टो कार की तलाशी ली तो अंदर से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर भी बरामद हुए. राहुल सोरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो पुलिस आम नागरिकों का चालान काटती है, आज उसी का एक कर्मचारी वर्दी पहनकर नशे में किसी की जान लेने पर उतारू हो गया.
भागने की फिराक में था आरोपी, लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ा
अंबेडकर समाज दल के पंजाब चेयरमैन विक्की ने बताया कि बच्ची को टक्कर मारने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने गाड़ी रोकने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की. हालांकि, मौके पर मौजूद युवाओं और राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार को घेर लिया और आरोपी को भागने नहीं दिया. लोगों का कहना है कि पूरी पुलिस फोर्स खराब नहीं होती, लेकिन ऐसे चंद भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों की वजह से पूरे विभाग की छवि धूमिल होती है.
अनाथ बच्ची और दिव्यांग परिवार ने लगाई इंसाफ की गुहार
घायल बच्ची की देखभाल करने वाली प्रीति (जिसे बच्ची मां की तरह मानती है, हालांकि रिश्ते में वह उसकी बुआ लगती हैं) ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया. उन्होंने बताया कि 12 वर्षीय इस मासूम के सिर से माता-पिता और दादा-दादी का साया पहले ही उठ चुका है. वे खुद किराए के मकान में रहते हैं और परिवार के सदस्य दिव्यांग हैं, जिससे उनके पास रोजी-रोटी का कोई बड़ा सहारा नहीं है. प्रीति ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी बच्ची का पूरा इलाज करवाया जाए और लापरवाह पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.
पुलिस प्रशासन ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानविंड चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी हवलदार को हिरासत में लेने के साथ-साथ उसकी कार को भी कब्जे में लिया है. मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोगों की मदद से आरोपी कर्मचारी को काबू कर लिया गया है और घायल बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है. चूंकि लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में था, इसलिए उसका भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है.
यह भी पढ़ें | मतभेद की अटकलों के बीच एक मंच पर दिखे चन्नी-सचिन पायलट, वडिंग की ‘नाराजगी’ पर भी हुई चर्चा





