
घरेलू शेयर बाजार में जारी तेजी के बीच BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 5 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है. यह करीब छह सप्ताह में पहली बार है जब बाजार इस स्तर तक पहुंचा है. बाजार में यह मजबूती भू-राजनीतिक तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और निवेशकों के बढ़ते भरोसे की वजह से देखने को मिली है. हाल के कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर बाजार ने मजबूत रिकवरी दिखाई है. अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते से जुड़े सकारात्मक संकेतों ने ग्लोबल मार्केट में राहत का माहौल बनाया है. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है.
तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सहारा
विश्लेषकों का कहना है कि क्रूड ऑयल सस्ता होने से भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाओं को फायदा मिलता है. इससे महंगाई पर दबाव कम होता है और कंपनियों की लागत घट सकती है. बाजार की अस्थिरता में कमी आने से भी निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी है. पिछले चार कारोबारी सत्रों में BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार मूल्य में 6 % से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. व्यापक बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली है.
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने दिखाया दम
अप्रैल से अब तक सेंसेक्स में सीमित बढ़त देखने को मिली है, लेकिन मिडकैप, स्मॉलकैप और माइक्रोकैप शेयरों ने बेहतर रिटर्न दिया है. इससे संकेत मिलता है कि बाजार की तेजी केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेशकों की भागीदारी व्यापक स्तर पर बढ़ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से भारत की अर्थव्यवस्था को राहत मिल सकती है. इससे चालू खाते के घाटे, महंगाई और कॉरपोरेट आय पर पड़ने वाला दबाव कम होगा.
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली के बावजूद घरेलू निवेशकों का लगातार निवेश बाजार को मजबूती दे रहा है. जानकारों का कहना है कि अगर विदेशी निवेश दोबारा बढ़ता है तो आने वाले महीनों में बाजार की स्थिति और मजबूत हो सकती है. बुधवार को सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा चढ़कर 77,219 के स्तर तक पहुंच गया. वहीं निफ्टी भी 100 अंकों से अधिक बढ़कर 24,108 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया. विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार की अगली तेजी में बैंकिंग, टेलीकॉम और IT सेक्टर की कंपनियां अहम भूमिका निभा सकती हैं.
ये भी पढ़ें: Dell के CEO माइकल डेल ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास को दान किए 75 करोड़ डॉलर, शिक्षा जगत के सबसे बड़े डोनेशंस में नाम
लेखक के बारे में
निलेश कुमार
Senior Producer
और पढ़ें





