खबर

FD Laddering: एफडी में निवेश का स्मार्ट तरीका, ब्याज भी मिलेगा और पैसों की कमी भी नहीं होगी | fd-laddering-benefits-smart-way-to-invest-in-fixed-deposits



FD Laddering: बैंक में पैसा सुरक्षित रखने और उस पर ब्याज कमाने के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) काफी पॉपुलर ऑप्शन है. इसमें निवेशक एक तय अवधि के लिए पैसा जमा करता है और बैंक उस पर पहले से तय ब्याज देता है. लेकिन एफडी में निवेश करते समय एक समस्या आती है. अगर अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए तो मैच्योरिटी से पहले एफडी तुड़वानी पड़ सकती है. इससे ब्याज का नुकसान हो सकता है और कुछ मामलों में पेनल्टी भी देनी पड़ सकती है. इस दिक्कत से बचने के लिए एफडी लैडरिंग (FD Laddering) का तरीका अपनाया जा सकता है. इसमें अपनी पूरी रकम एक ही FD में लगाने के बजाय अलग-अलग अवधि की कई एफडी कराई जाती हैं. इससे निवेश और पैसों की जरूरत के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सकता है. हालांकि, यह भी ध्यान देनी वाली बात है कि लंबी अवधि की एफडी में निवेशकों को ज्यादा ब्याज दर मिलती है.

क्या है FD Laddering?

एफडी लैडरिंग का मतलब है अपनी कुल इन्वेस्टमेंट अमाउंट को कई हिस्सों में बांटकर अलग-अलग मैच्योरिटी अवधि वाली एफडी में लगाना. उदाहरण के लिए, अगर आपके पास 5 लाख रुपये हैं तो पूरी रकम की एक ही एफडी कराने के बजाय इसे 5 बराबर हिस्सों में बांट सकते हैं. मान लीजिए आप 5 लाख रुपये की एफडी लैडरिंग करना चाहते हैं. इसके लिए 1-1 लाख रुपये की 5 एफडी करा सकते हैं. इन एफडी की अवधि 1 साल, 2 साल, 3 साल, 4 साल और 5 साल रख सकते हैं. इस तरह हर साल आपकी एक एफडी मैच्योर होगी. मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम को आप अपनी जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर दोबारा लंबी अवधि की एफडी में निवेश कर सकते हैं.

FD Laddering के क्या हैं फायदे?

एफडी लैडरिंग का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जरूरत पड़ने पर आपको अपनी पूरी एफडी समय से पहले नहीं तोड़नी पड़ेगी. हर कुछ समय बाद एक एफडी मैच्योर होने से आपके पास पैसे उपलब्ध होते रहेंगे. इसका दूसरा फायदा ब्याज दरों में बदलाव से जुड़ा है. मान लीजिए भविष्य में बैंक FD पर ब्याज दरें बढ़ा देते हैं. ऐसे में मैच्योर होने वाली FD की रकम को आप नई और बेहतर ब्याज दर वाली FD में लगा सकते हैं. वहीं, अगर ब्याज दरें कम होती हैं तो आपकी कुछ पुरानी FD पहले से तय ब्याज दर पर चलती रहेंगी. इसके अलावा, अलग-अलग अवधि में निवेश करने से पूरी रकम लंबे समय तक लॉक नहीं होती. इससे निवेश में लिक्विडिटी यानी जरूरत के समय पैसे उपलब्ध रहने की सुविधा बनी रहती है. 

FD Laddering करते समय किन बातों का रखें ध्यान?

एफडी लैडरिंग करते समय अपनी पैसों की जरूरत और निवेश की अवधि का ध्यान रखना जरूरी है. ऐसी टेन्योर चुनें, जिससे समय-समय पर आपकी एफडी मैच्योर होती रहे. साथ ही, अलग-अलग बैंकों में एफडी कराने पर डिपॉजिट इंश्योरेंस की सीमा का भी ध्यान रखें. ध्यान रहे कि डीआईसीजीसी (DICGC) के तहत एक बैंक में एक डिपॉजिटर के सभी एलिजिबल डिपॉजिट पर मूलधन और ब्याज मिलाकर मैक्सिमम 5 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कवर मिलता है. इसके अलावा, एफडी की मैच्योरिटी पर मिलने वाले ब्याज पर टैक्स भी लग सकता है. इसलिए निवेश करने से पहले टैक्स और बैंक की समय से पहले एफडी तोड़ने से जुड़ी शर्तों को जरूर समझ लें.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button