खबर

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ बनेगा बलवान, दिल्ली-NCR समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, कब से होगी भीषण ठंड? | weather today 17 november 2026 delhi ncr aqi drops below 300 fog cold fog imd alert up mp rajasthan aaj ka mausam



मौसम में तेजी से बदलाव दिख रहा है. 17 नवंबर 2026 के दिन एक तरफ उत्तर भारत में ठंड और कोहरे ने दस्तक दे दी है, तो दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान अकवन भारी बारिश की संभावना बना रहा है, दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश का अलर्ट जारी कर रहा है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी हवा के स्तर में आज के दिन हल्का सुधार हुआ है. दिल्ली में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) फिलहाल 300 से नीचे आ गया है. जबकि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे शहरों में भी AQI में गिरावट दिखी है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ना शुरू हो गई है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में ठंड का असर अब बढ़ना शुरू हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में मैदानी राज्यों के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा शुरू होगी. 

तूफान अकवान कराएगा भारी बारिश

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल गया है. IMD के मुताबिक 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. इसके 20 नवंबर की दोपहर के आसपास नेल्लोर और तूनी के बीच आंध्र प्रदेश-यनम तट से टकराने की आशंका है, उस समय हवा की रफ्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच सकती है. यह तीन हफ्तों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला तीसरा तूफान है, अर्नब और मुरासु के बाद अब अकवान से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. 1से 2 मीटर तक स्टॉर्म सर्ज और तेज हवाओं का खतरा है, इसलिए मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर में AQI 300 से नीचे आया

दिल्ली में मंगलवार के दिन सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाया हुआ है. सुबह 6:30 बजे तापमान 16 डिग्री, ह्यूमिडिटी 76 प्रतिशत थी और हल्का कोहरा बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी, दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली की हवा पिछले दिनों के मुकाबले हल्की साफ हुई है, आज सुबह दिल्ली का AQI 186 दर्ज किया गया जो अस्वस्थ श्रेणी में आता है. मुख्य प्रदूषक PM2.5 है. हालांकि यह पिछले दिनों के 350-592 जैसे बेहद खराब स्तर से बेहतर है. नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी सुबह धुंध छाई हुई है. दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से धुंध छंटने की उम्मीद है. लेकिन शाम होते ही फिर से प्रदूषण और ठंड बढ़ेगी, रात को तापमान 18-19 डिग्री तक गिर जाएगा, ऐसे में ठंड का असर भी दिखेगा.

दिल्ली समेत अन्य राज्यों का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करिए.

यूपी में बढ़ने लगी ठंड 

उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ना शुरू हो गया है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट कर दी है, जिससे उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सुबह के वक्त हल्की ठंड लग रही है. लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़ जिलों में तापमान 20 डिग्री से नीचे आ गया है. जिससे 22 शहरों में सुबह के वक्त घना कोहरा दिखा. हालांकि यूपी के लिए परेशानी की बात यह है कि यहां 30 से ज्यादा शहरों में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 200 से ज्यादा बना हुआ है. जिससे हवा का स्तर खराब बना हुआ है, मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले 2 से 3 दिनों में ठंड का असर और बढ़ने वाला है.

पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है. उत्तराखंड में बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचे इलाकों में पहले ही बर्फबारी की वजह से मौसम ठंडा है. इसी तरह से हिमाचल में मनाली-रोहतांग में बर्फबारी के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है. जिससे यहां भी ठंड बढ़ गई है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी ठंड तेज होने की संभावना बन रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट और दर्ज होगी. जिससे मैदानी राज्यों की तरफ भी ठंडी हवाओं का असर तेज होगा. 

बिहार, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा छाने लगा है. IMD ने 15 से 17 नवंबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है. वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश के आसार हैं. मध्य प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे आ गया है, राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस हो रही है. 

दक्षिण भारत में बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात की वजह से दक्षिण भारत में बारिश की संभावना बन रही है. चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में देखने को मिलेगा, IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में आज भी हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी है. कुल मिलाकर 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार, रायलसीमा, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं.

ये भी पढ़ेंः यमुना पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- प्रदूषण बढ़ा तो राज्यों-जिलों पर लगेगा जुर्माना, अधिकारियों से भी होगी वसूली




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button