

सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और इस मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों की भरमार हो जाती है, जिनमें बथुआ भी बहुत खाया जाता है. बथुआ पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इससे कई तरह की डिश बनाई जाती है. आपने बथुआ का साग, रायता और सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन बथुआ के पराठे का स्वाद अलग ही होता है. इसके पराठे नरम, परतदार और बहुत अच्छे होते हैं. इन्हें आप नाश्ते, लंच या डिनर किसी भी समय खा सकते हैं. आप भी इस बार सर्दियों में एक बार बथुआ के पराठे जरूर खाएं. चलिए आपको बताते हैं बथुआ के पराठे कैसे बनाएं?
बथुआ के पराठे कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @FoodzLife नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में बथुआ का पराठा बनाने का सही और आसान तरीका बताया है. इसे किसी सब्जी के बिना भी चाय, अचार या रायते के साथ आराम से खाया जा सकता है. बथुआ का पराठा बनाने के लिए बथुआ के मुलायम पत्तों को डंठल से अलग कर लें और अच्छी तरह धो लें. इसके बाद आधे पत्तों को बारीक काट लें और बाकी आधे को हरी मिर्च और अदरक के साथ पीसकर पेस्ट बना लें. इस तरीके से पराठों का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं.
इसके बाद एक बड़े बर्तन में कटा हुआ बथुआ, उसका पेस्ट, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और थोड़ी सी मेथी मिलाएं. इसके बाद धनिया पाउडर, काली मिर्च, गरम मसाला, हल्दी, हींग, अजवाइन और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण में धीरे-धीरे गेहूं या मल्टीग्रेन आटा मिलाएं और मुलायम आटा गूंथ लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं. आटा तैयार होने के बाद उस पर थोड़ा तेल लगाकर 5 से 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे पराठे ज्यादा नरम बनेंगे.
बथुआ पराठे बनाने का आसान तरीका
आटे की लोई बनाकर रोटी की तरह बेल लें. इसके ऊपर थोड़ा घी या तेल लगाकर फोल्ड करें और फिर दोबारा बेलें. इस प्रक्रिया से पराठों में सुंदर परतें बनती हैं और स्वाद भी बढ़ जाता है. आप इन्हें गोल, चौकोर या त्रिकोण किसी भी आकार में बना सकते हैं. इसके बाद गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ हल्के भूरे दाग आने तक सेंकें. इसके बाद घी या तेल लगाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेक लें. पराठे को हल्का दबाते हुए पकाने से वह और ज्यादा कुरकुरा और स्वादिष्ट बनता है. आपका बथुआ पराठा बनकर तैयार है. इसे आप दही, रायता, चटनी, अचार या गर्म चाय के साथ खा सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- घर पर सूजी कैसे बनाएं? घर पर गेहूं से सूजी बनाने का सही और आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- स्टील की बाल्टी कैसे साफ करें? दाग लगी बाल्टी को नई जैसी साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- घर पर चुकंदर से ब्लश कैसे बनाएं? गुलाबी और फ्रेश गालों के लिए चुकंदर का ब्लश बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- चावल के आटे का साबुन कैसे बनाएं? रोज नहाने के लिए घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका





