खबर

पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल के कत्ल में आतंकी एंगल, TTH की गीदड़भभकी- घरों में घुसकर मारेंगे | Punjab Police Head Constable Vinod Kumar Shot Dead In Gurdaspur With Terror Threats Emerging



पंजाब के गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्टर ने मामले को और गंभीर बना दिया है. पोस्टर में खुद को ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ बताने वाले संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है और पुलिस व सुरक्षा बलों को खुली धमकी दी है.

पंजाब पुलिस के एडीजीपी परवीन कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को गोली मारी गई थी और पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि अभी तक इस घटना का पठानकोट में हाल ही में हुई गाड़ी छीनने की घटना से कोई संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार को सिर में गोली मारी गई थी.

पंजाब में जारी हुआ अलर्ट

घटना के बाद पूरे पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां कई पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हैं और संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है. मारे गए हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पंजाब पुलिस की टेक्निकल सर्विसेज विंग में तैनात थे.

इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें दावा किया गया है कि विनोद कुमार की हत्या की जिम्मेदारी ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ लेता है. पोस्टर में पुलिस और सुरक्षा बलों को धमकी देते हुए लिखा गया है कि वे ‘सड़कों पर कम और घरों में जाकर ज्यादा मारेंगे.’

‘आतंकवादी एंगल को खारिज नहीं किया जा सकता’

वायरल पोस्टर ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि, पुलिस फिलहाल पोस्टर के दावे को अंतिम सच मानने के बजाय उसकी तस्दीक करने में जुटी है. एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर पी.के. सिन्हा ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ है और उसकी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में आतंकवादी एंगल को खारिज नहीं किया जा सकता. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टर के स्रोत तथा उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता हत्या के आरोपियों तक पहुंचना और वायरल पोस्टर के दावे की सच्चाई सामने लाना है. पूरे मामले पर पंजाब पुलिस की नजर बनी हुई है और जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: DJ पार्टियां ही क्यों निशाने पर? केरल हाई कोर्ट ने कहा- ‘चर्च-मंदिर में नाच सकते हैं तो बार में क्यों नहीं?’




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button