

हरियाणा के गोहाना में प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहल की हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें रोहित गोदारा गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. हालांकि NDTV इस सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है.
बताया जा रहा है कि यह पोस्ट वीरेंद्र चारण के नाम से जारी किया गया है. वीरेंद्र चारण वही शख्स बताया जाता है जिसने पहले करनी सेना के अध्यक्ष की हत्या की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग की ओर से ली थी.
पोस्ट में क्या दावा किया गया?
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में लिखा गया है, “सभी भाइयों को राम-राम. मैं वीरेंद्र चरण, अरविंद गिल्ली राणा और रोहित गोदारा ग्रुप की तरफ से यह कहना चाहता हूं कि आज गोहाना के रोहतक रोड पर बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहल की जो हत्या हुई है, उसे हमने करवाया है. इस हत्या की जिम्मेदारी हम लेते हैं.”
पोस्ट में दावा किया गया है कि वर्ष 2021 में बिजेंद्र ने उनके साथी रामपाल बरोदा पर हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गया था. इसके बाद इलाज से लौटते समय रामपाल पर दोबारा हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए थे.
पोस्ट में आगे कहा गया है कि यह हत्या उसी हमले का बदला लेने के लिए की गई है. साथ ही पोस्ट में विरोधियों को धमकी भरी चेतावनी भी दी गई है.
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस हत्याकांड की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की प्रामाणिकता और उसके स्रोत की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
यह भी पढ़ें | IPS अदिति सिंह: पंचकूला DCP बनीं बार-बार लीव के लिए चर्चित अफसर, IAS से शादी के लिए बदला कैडर





