खबर

पंजाब की राजनीति को कितना बदलेगी अमृतपाल सिंह की एक दिन की वापसी, सिख वोटों पर हलचल तेज | how Amritpal singh exit from jail for one day will impact Punjab politics and elections



चंडीगढ़:

पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट के सांसद अमृतपाल सिंह को अदालत ने एक दिन की अंतरिम जमानत दी है. वह शनिवार को अपनी दादी चरन कौर के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे. अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन की अंतरिम जमानत दी गई है, जबकि करीबी सुखमनदीप सिंह को भी दो दिन की राहत मिली है. कोर्ट के इस आदेश के तहत अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने की छूट रहेगी. वह करीब साढ़े तीन सालों के बाद असम के डिब्रूगढ़ की सेंट्रल जेल से निकलकर पंजाब आ रहे हैं. अमृतपाल सिंह को 23 अप्रैल, 2023 को अरेस्ट किया गया था. 

अमृतपाल सिंह और उनके समर्थकों पर अजनाला पुलिस थाने में हिंसा का आरोप था. उनके समर्थक पुलिस थाने में घुस गए थे और अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान को छुड़ाने की मांग कर रहे थे. राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत अमृतपाल सिंह को जेल में रखा गया था. एनएसए के तहत अमृतपाल को हिरासत में रखने की अवधि अप्रैल 2026 में समाप्त हो गई थी. फिर भी वह अजनाला हिंसा केस में जेल में बंद हैं. अहम बात यह है कि जेल में रहते हुए ही अमृतपाल सिंह ने चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की. उन्होंने खडूर साहिब सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था और कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को हराकर विजय पाई थी. 

इस जीत के साथ ही अमृतपाल सिंह ने अपना राजनीतिक प्रभाव स्थापित कर लिया था. खासतौर पर माझा क्षेत्र में उन्होंने अपना प्रभाव जमाया था. वह पंथिक राजनीति को पंजाब के केंद्र में लाने में सफल रहे हैं. खासतौर पर ऐसे दौर में जब अकाली दल जैसी पार्टी कमजोर पड़ी है. उसकी पकड़ भी सिख वोटों पर पहले जैसी नहीं रह गई है. इसलिए अमृतपाल सिंह का पंजाब चुनाव से पहले जेल से एक दिन के लिए ही सही, लेकिन बाहर निकलना अहम है. यह ऐसे चुनाव में हो रहा है, जब सभी दल 2027 के लिए तैयारियों में जुटे हैं. माना जा रहा है कि अमृतपाल सिंह का प्रभाव और सिख वोटरों का रुख पंजाब का इलेक्शन तय करेगा. 

पंथिक वोटरों की अमृतपाल के पक्ष में बढ़ेगी लॉबिंग?

खासतौर पर पंथिक वोटरों की लॉबिंग एक बार फिर से अमृतपाल सिंह के पक्ष में बढ़ सकती है. इस घटनाक्रम ने पंजाब की स्थापित पार्टियों पर भी दबाव बढ़ाया है. इन दलों में आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस शामिल हैं. अमृतपाल सिंह के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अन्य दल भी सिखों के मुद्दे पर आक्रामक हो सकते हैं. अब तक अमृतपाल को पारिवारिक आयोजनों के लिए ही राहत मिली है. लेकिन एक दिन के लिए ही सही, पंजाब में अमृतपाल सिंह का आना राजनीतिक हलचल की वजह बनेगा. 

परिवार के साथ तीन घंटे वक्त बिताने की मोहलत

अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत सिंह मान ने बताया कि फिलहाल सुबह आया अदालत का आदेश ही लागू है, जिसके तहत 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक भाई अमृतपाल सिंह को अपने परिवार के साथ रहने की अनुमति दी गई है. ​वकील ने बताया कि उनकी ओर से 15 दिन की पैरोल की मांग करते हुए अर्जी दायर की गई थी, लेकिन इस अर्जी पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है और मामला फिलहाल लंबित है. उन्होंने उम्मीद जताई कि 14 नवंबर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होकर पैरोल की अवधि बढ़ाने के संबंध में फिर से अनुरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कम से कम दो दिन की राहत मिलनी चाहिए ताकि भाई अमृतपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहने के साथ-साथ अंतिम रस्मों में भी शामिल हो सकें.

अमृतपाल की दादी की इच्छा थी, पोता ही दे मुखाग्नि

​हरजोत सिंह मान ने कहा कि भाई अमृतपाल सिंह की दादी की दिली इच्छा थी कि उनका पोता उनकी चिता को मुखाग्नि दे. इसके अलावा सिख धर्म की परंपराओं के अनुसार अंतिम अरदास में शामिल होना भी बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि भाई अमृतपाल सिंह लंबे समय बाद अपने परिवार से मिलेंगे और ऐसे दुख के समय परिवार के साथ रहने के लिए अधिक समय दिया जाना चाहिए था. ​उन्होंने आगे बताया कि भाई अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार के लिए किस तरह लाया जाएगा, यह फैसला जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाना है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button