खबर

चरणजीत सिंह चन्नी ने लॉन्च की ‘बदलाव का सच’ वेबसाइट; बोले- मान सरकार से परेशान लोग यहां दर्ज कराएं अपनी शिकायत | Charanjit Singh Channi launches ‘Badlav Ka Sach website



लुधियाना:

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा के दूसरे दिन लुधियाना में जोरदार राजनीतिक हलचल देखने को मिली. यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा करते हुए चन्नी ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी यात्रा का इतना शानदार स्वागत होगा. उन्होंने कहा कि लोगों के बीच भगवंत मान सरकार को लेकर काफी गुस्सा है और जनता मौजूदा सरकार से परेशान है.

यात्रा के दौरान चन्नी ने ‘बदलाव का सच’ (badlaavkasach.com) नाम से एक वेबसाइट भी लॉन्च की. उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट को लोगों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने के माध्यम के रूप में शुरू किया गया है. पंजाब का कोई भी व्यक्ति इस पर सरकार के खिलाफ अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करवा सकता है. चन्नी ने दावा किया कि शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उनकी निजता की पूरी सुरक्षा की जाएगी.

‘भगवंत मान लोगों के नहीं, जोकरों के CM’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘लोगों का नहीं, जोकरों का मुख्यमंत्री’ बताया. उन्होंने कहा कि जनता के बीच सरकार को लेकर नाराजगी बढ़ रही है और उनकी साइकिल यात्रा को मिल रहा समर्थन इसी का प्रमाण है.

यात्रा का विरोध करने वालों को बताया किराये के लोग

साइकिल यात्रा को लेकर हुए विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए चन्नी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता उनकी यात्रा से घबराए हुए हैं. उन्होंने कहा कि यात्रा को मिल रहे समर्थन से सरकार के लोग परेशान हैं और इसी वजह से विरोध करवाया जा रहा है. चन्नी ने आरोप लगाया कि किराये के लोगों को इकट्ठा करके उनकी यात्रा का विरोध करवाया जा रहा है. उन्होंने गुलजार और परमिंदर झोटा के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा. चन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुलजार और झोटा से अपनी बात रखने का अधिकार छीनने की कोशिश की है.

वड़िंग के सवाल पर बचते नजर आए चन्नी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से जुड़े मुद्दे पर सवाल पूछे जाने पर चन्नी स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए. हालांकि, उन्होंने अपनी साइकिल यात्रा को सफल बताया और कहा कि उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है.

ये भी पढ़ें : पंजाब की राजनीति को कितना बदलेगी अमृतपाल सिंह की एक दिन की वापसी, सिख वोटों पर हलचल तेज





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button