खबर

‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही गुनाह है…’, जेल से ED मुख्यालय ले जाने पर बोले आजम खान | Azam Khan Brought to Delhi by ED Says Building Educational Institutions Became My Crime



समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान को ईडी गाजियाबाद की डासना जेल से दिल्ली लेकर पहुंची है. इससे पहले आजम खान का दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया. इसके बाद उन्हें ED मुख्यालय ले जाया गया.

इस दौरान मीडिया से बातचीत में आजम खान ने कहा, “हमने बच्चों को शिक्षित करने का ‘गुनाह’ किया. हमने एक यूनिवर्सिटी बनाई, हमने स्कूल बनाए. एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, यही गलती थी.”

उधर, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है. अखिलेश यादव ने लिखा, “यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.”

शिवपाल ने डासना जेल में की आजम खान से मुलाकात, लगाया उत्पीड़न का आरोप

इससे पहले सपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल में आजम खान से मुलाकात की.  खान से मुलाकात के बाद शिवपाल ने कहा कि जेल के अधिकारी खान को परेशान कर रहे हैं और उनकी जान लेने के प्रयास किए जा रहे हैं. सपा नेता ने दावा किया कि खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे फर्जी हैं और उम्मीद जताई कि उन्हें अदालत से न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा कि खान 10 बार विधायक, चार बार मंत्री एवं दो बार सांसद रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके मामले में जेल प्रोटोकॉल का उल्लंघन हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि खाने से लेकर अन्य सभी मामलों में नियमों की अनदेखी हो रही है. कई बार उनकी जान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह मजबूती से खड़े हैं.

आजम खान को गत 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिलने पर जेल से बाहर आते ही ईडी की टीम ने हिरासत में ले लिया था. ईडी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन एवं ठेकों से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग के मामले में की है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button