

नई दिल्ली:
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण की एक्स वाइफ अभिनेत्री रेणु देसाई ने मंगलवार (10 नवंबर) को इंस्टाग्राम पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लोगों से दयालु बनने की अपील की और कहा कि जो लोग पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, उन्हें अपशब्द कहना नैतिक रूप से सही नहीं है. अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट करते हुए रेणु देसाई ने लिखा, “जब कोई व्यक्ति मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो उसे और ज्यादा कोसना या अपशब्द कहना नैतिक रूप से सही नहीं है. जो इंसान पहले ही गिर चुका है उसे और कुचलना अमानवीय है!”
उन्होंने आगे कहा, “वे चाहे किसी भी स्थिति में हों, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे भी इंसान हैं. किसी की संतान, किसी के माता-पिता या किसी के भाई-बहन. कृपया दूसरों के घरों पर पत्थर न फेंकें, जबकि हम खुद कांच के घरों में रहते हैं जो पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं!”
लोगों से दयालु और संवेदनशील बनने की अपील करते हुए उन्होंने लिखा, “हम सभी इंसान हैं, और एक इंसान कहलाने के लिए सहानुभूति और दयालुता सबसे बुनियादी जरूरतें हैं! (सिर्फ इसलिए कि मैंने ये बातें लिखी हैं, आप लोग बेतुके कयास लगाना शुरू न कर दें. मेरा सच में मानना है कि एक समाज के रूप में हम बेहतर कर सकते हैं) मुझे दयालु और समझदार होने के लिए कोई पैसे (पेटीएम) नहीं मिले हैं. यह बस मेरा नजरिया है जिसे मैं अपने विवेक का इस्तेमाल करके देखती हूं.”
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट ने काफी हलचल मचा दी, क्योंकि यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी एना कोनिडेला ने अलग होने का फैसला लिया है. बता दें कि पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में हैदराबाद के एक सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ के तहत रूसी नागरिक एना लेझनेवा से शादी की थी. इस जोड़े के दो बच्चे हैं – पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच.





