इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम के बयान के बाद राजा की मां का दर्द गुस्से में बदल गया. उन्होंने बेटे की हत्या को लेकर सीधे सवाल उठाते हुए सोनम पर तीखा हमला बोला. मां का कहना है कि जिसने अपने पति का साथ नहीं निभाया, उस पर किसी भी बात का भरोसा करना मुश्किल है.
राजा रघुवंशी की मां ने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि सोनम ने उनके बेटे को धोखा दिया. उन्होंने कहा कि जो अपने पति की नहीं हुई, वो किसी की नहीं हो सकती. उनके शब्दों में बेटे को खोने का दुख साफ झलक रहा था, लेकिन साथ ही आरोप भी उतने ही गंभीर थे.
सोनम ने क्या बयान दिया?
दरअसल, राजा रघुवंशी की मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को 27 अप्रैल को जमानत मिल गई थी. जमानत मिलने के बाद सोनम रघुवंशी ने स्थानीय मीडिया ईस्ट मोजो को इंटरव्यू दिया है. इसमें सोनम ने बताया कि वह शिलॉन्ग में ही रह रही है. उसने यह भी कहा कि फिलहाल इंदौर जाने का कोई प्लान नहीं है.
बेटे की हत्या पर पूछा सीधा सवाल
मां ने सोनम से सीधे सवाल करते हुए कहा कि आखिर उसने उनके बेटे की हत्या क्यों करवाई. उनका कहना है कि इस सवाल का जवाब अब तक नहीं मिला है. उन्होंने यह भी कहा कि जो महिला अपने पति की जान ले सकती है, वो कुछ भी कर सकती है. ऐसे में उसके किसी भी दावे पर भरोसा करना मुश्किल है.
सोनम के व्यवहार को लेकर मां ने यह भी कहा कि जिस तरह उसने अपने वैवाहिक वचन तोड़े, उससे यह सवाल उठता है कि वह कोर्ट के निर्देशों का पालन कैसे करेगी. उनका कहना है कि रिश्ते में विश्वास सबसे अहम होता है, और जब वही टूट जाए तो हर बात पर शक होना स्वाभाविक है.
सोनम के माता-पिता पर भी आरोप
राजा की मां ने सिर्फ सोनम ही नहीं, बल्कि उसके घरवालों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम के माता-पिता उसका पूरा खर्च उठा रहे हैं और हर तरह से उसका साथ दे रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शिलॉन्ग जाकर उसके पिता ने उसे ताबीज पहनाया था, जिस पर भी सवाल खड़े होते हैं.
महंगे मोबाइल और खर्च पर उठाए सवाल
मां ने यह भी पूछा कि आखिर सोनम के पास महंगा मोबाइल फोन कहां से आया. उनका कहना है कि अगर वह खुद कमाती नहीं है, तो उसके खर्च का पूरा इंतजाम कौन कर रहा है. उन्होंने कहा कि इन सभी सवालों के जवाब सामने आने जरूरी हैं, तभी पूरे मामले की सच्चाई साफ हो पाएगी.
लेखक के बारे में





