खबर

गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट में टेरर एंगल, इस संगठन ने ली जिम्मेदारी; पुलिस ने दर्ज की FIR | Blast at UP Ghaziabad police station Tehreek-ul-Mujahideen Hindustan claims responsibility



गाजियाबाद:

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके की जिम्मेदारी ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नामक एक संस्था ने ली है. इस धमाके में वसुंधरा पुलिस चौकी को भारी नुकसान पहुंचा है. बीती रात हुए इस धमाके में पुलिस चौकी की खिड़कियों की कांच टूट कर बिखड़ गए. दीवारों में दरार तक आ गई थी. धमाके के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अब एक आतंकी संगठन द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लिए जाने के बाद यह मामला बढ़ता नजर आ रहा है. तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली. साथ ही गाजी 2 नामक एक एक्स अकाउंट से पोस्ट किए गए वीडियो में भी इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है. हालांकि पुलिस अभी इस संस्था और उसकी ओर से किए गए दावे की जांच कर रही है. पुलिस ने इस घटना को लेकर FIR दर्ज कर ली है. 

गाजियाबाद वसुंधरा चौकी ब्लास्ट केस में एक नया अपडेट आया है. पुलिस चौकी के ठीक ऊपर जो एलिवेटेड रोड है, वहां पर पुलिस को एक स्कूटी लावारिस हालात में मिली है. पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर किया है. स्कूटी के मालिक की तलाश की जा रही है.

चौकी के मेन गेट पर लगे CCTV कैमरे बंद

पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं. ऐसे में धमाके से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि गाजियाबाद पुलिस चौकी में हुआ धमाका महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी. गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच से ऐसा नहीं लगता कि यह धमाका AC कंप्रेसर फटने की वजह से हुआ है.

सीनियर अधिकारियों के इस दावे ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. इस बीच तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नामक संस्था के दावे ने इस मामले में टेरर एंगल को जोड़ दिया है. 

इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ने वाली सड़क के पास है चौकी

पुलिस चौकी के दोनों तरफ सड़कें हैं, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती हैं. दिल्ली को राज नगर से जोड़ने वाली एक एलिवेटेड रोड भी ठीक इसी जगह के ऊपर से गुजरती है. इस वजह से यह इलाका काफी व्यस्त रहता है और यहाँ लगातार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. हैरानी की बात यह है कि धमाके वाली जगह के आस-पास कोई CCTV कैमरा नहीं लगा है. इसके अलावा, पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे भी खराब पड़े हैं.

मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ता (BDS) भी अपनी शुरुआती जांच में यह पता नहीं लगा पाई कि धमाका किस तरह का था या इसमें किस सामग्री का इस्तेमाल किया गया होगा.
घटनास्थल से मिले संदिग्ध अवशेषों और अन्य सबूतों को जांच के लिए आगरा भेजा गया है. अब फोरेंसिक रिपोर्ट से ही धमाके के असली कारण का पता चलने की उम्मीद है. गाजियाबाद पुलिस, फोरेंसिक टीमें और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी इस घटना की हर पहलू से जांच कर रहे हैं.

श्रीगंगानगर के बाद गाजियाबाद में ब्लास्ट, बढ़ी चिंता 

श्रीगंगानगर के रेलवे ट्रैक के बाद अब गाजियाबाद की पुलिस चौकी में ब्लास्ट से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है. दीपावली के मौके पर हुए दो धमाकों ने स्थानीय पुलिस से लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. 

पहला धमाका राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुआ और अब दूसरा धमाका गाजियाबाद की एक पुलिस चौकी के अंदर हुआ है. दोनों घटनाओं में धमाके का पैटर्न और उसके पीछे की वजह कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

गौर करने वाली बात यह भी है कि श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके में इस्तेमाल किए गए मैटेरियल को लेकर भी अब तक स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हुई है. उस मामले की जांच में भी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां जुटी हुई हैं.
 

एक तरफ रेलवे ट्रैक पर धमाका और दूसरी तरफ गाजियाबाद की पुलिस चौकी के अंदर ब्लास्ट. दोनों घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और संभावित साजिश के एंगल से कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

 
क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई कनेक्शन है? क्या धमाकों के पीछे किसी शरारती तत्व या संगठित नेटवर्क की भूमिका है? या फिर दोनों घटनाएं एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल पाएगा. गाजियाबाद पुलिस, फोरेंसिक टीमें और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी हर एंगल से जांच में जुटे हैं. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर यह AC कंप्रेसर का धमाका नहीं था, तो फिर पुलिस चौकी के अंदर ऐसा कौन-सा विस्फोट हुआ जांच जारी है.

यह भी पढ़ें – गाजियाबादः वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार ब्लास्ट, खिड़की के शीशे टूटे, दीवार में भी दरार, VIDEO




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button