
नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में एक तीन मंजिला इमारत हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है. इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन इमारत अचानक से भरभराकर गिर गई. राहत और बचाव का काम जारी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार हादसा सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर हुआ है. चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली सितारा में ये इमारत गिरी है. कम से कम 5 दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई है. राहत और बचाव कार्य जारी है.

दिल्ली के चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की तस्वीर (NDTV)
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में फंसे लोगों को बचाने का काम चल रहा है. गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों इमारत गिरने की कई घटनाएं हुई हैं. इमारत के सड़क के काफी अंदर गिरे होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. बिल्डिंग गिरते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया.
तंग गलियां होने के कारण राहत और बचावकर्मियों को अंदर जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एम्बुलेंस के जरिए एक घायल शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया है. दिवाली की भीड़ के कारण इस इलाके में आना-जाना भी अभी काफी मुश्किल है. हालांकि, घटनास्थल पर राहत और बचावकर्मी पहुंच गए हैं. मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास चल रहा है.





