खबर

किंग में हुई करीना कपूर की एंट्री, 15 साल बाद दिखेंगे साथ, किंग में आखिर करने क्या वाली हैं बेबो? | Kareena kapoor confirms her song in King with shah rukh khan



नई दिल्ली:

शाहरुख खान के बर्थडे पर यानी कि 2 नवंबर को करीना कपूर ने किंग खान को बर्थडे विश करते हुए उनकी आने वाली फिल्म से जुड़ी एक बड़ी अपडेट दी. इस अपडेट के मुताबिक करीना कपूर किंग में एंट्री मार चुकी हैं और लंबे समय बाद ये जोड़ी दर्शकों को एक मैजिकल ट्रैक देने वाली है. शाहरुख खान ने लुंगी डांस, छम्मक छल्लो, झूमे जो पठान जैसे कई हिट डांस नंबर्स दिए हैं. अब वो करीना के साथ किस तरह का गाना लेकर आ रहे हैं इसे लेकर फैन्स में खासी एक्साइटमेंट है. 

करीना ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ अपनी एक झलक शेयर की. इससे पर्दे पर उनकी वापसी की हिंट मिलती है. करीना ने सुपरस्टार को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे किंग. इस किंगडम का फॉरएवर किंग, चलो साथ में डांस करते हैं…और इंतजार नहीं कर सकती. 24-12-26”. करीना के इस कैप्शन से साफ है कि वह किंग में किंग खान के साथ एक डांस नंबर करती नजर आने वाली हैं. करीना की पोस्ट पर गौरी खान ने तुरंत कमेंट किया, “यह बहुत शानदार होने वाला है.”

कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि करीना इस फिल्म में एक खास रोल में नजर आएंगी और ‘डैडी कूल’ नाम के एक खास गाने में शाहरुख के साथ फिर से स्क्रीन शेयर करेंगी. खबरों की मानें तो एक्ट्रेस इस महीने के आखिर में दक्षिण अफ्रीका में शाहरुख खान के साथ इस गाने की शूटिंग करेंगी. बताया जा रहा है कि उन्होंने शूटिंग के लिए करीब पांच दिन का समय दिया है, जिसे बहुत बड़े पैमाने पर प्लान किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: जब 71 साल की लता मंगेशकर ने 27 साल की हीरोइन के लिए गाया था रोमांटिक गाना, आशिकों के घाव पर मरहम है 26 साल पुराना ये गाना

इस गाने को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है. इसमें एक भारतीय कलाकार के साथ एक इंटरनेशनल कलाकार भी नजर आएगा. हालांकि अभी तक उस इंटरनेशनल कलाकार और सिंगर का नाम सीक्रेट रखा गया है. कहा जा रहा है कि मेकर्स इस गाने को फिल्म के मुख्य म्यूजिकल हाइलाइट्स में से एक के तौर पर तैयार कर रहे हैं.

करीना और शाहरुख इससे पहले ‘अशोका’, ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘रा.वन’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. इसलिए ‘किंग’ में उनकी वापसी फैंस के लिए एक खास तोहफा साबित हो सकती है. हालांकि बताया जा रहा है कि करीना फिल्म में सिर्फ एक स्पेशल अपीयरेंस देंगी और उनका कोई फुल-फ्लेज्ड रोल नहीं होगा.






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button