खबर

अमेरिका के फ्लोरिडा में जेट विमान हादसे का शिकार, सभी 9 लोगों की मौत, VIDEO | Jet plane crashes in Florida USA all 9 people on board killed


वॉशिंगटन:

अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में नौ लोगों को ले जा रहा एक बिजनेस जेट रविवार को हादसे का शिकार हो गया. इस घटना में सभी नौ लोगों की मौत हो गई. विमान अचानक रिहायशी इलाके के बीच सड़क पर आ गिरा, जिससे उसमें आग लग गई. गनीमत रही कि ये किसी इमारत से नहीं टकराया, नहीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था. देश के परिवहन सचिव ने विमान में सवार सभी लोगों की मौत की पुष्टि की है.

मौके पर वहां से गुजर रहे एक कार में लगे कैमरे में ये पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया. बहामास जा रहा ये विमान अचानक आसमान से सीधे जमीन पर आ गिरा, सड़क के पास टकराया और उसमें विस्फोट हो गया. विमान गिरने से वहां एक गहरा गड्ढा बन गया और चारों तरफ सड़क पर विमान के टुकड़े बिखरे गए.

ये विमान घरों से कुछ ही फीट की दूरी पर और सड़क से गुजरने वाली गाड़ियों के बेहद करीब गिरा. दुर्घटना वाली जगह पर घना काला धुआं छा गया.

परिवहन सचिव शॉन डफी ने ‘X’ पर पोस्ट किया कि ‘लियरजेट 60’ (Learjet 60) विमान दोपहर 12:50 बजे पाम बीच काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने इसे एक “भयानक त्रासदी” बताया. उन्होंने कहा कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) एक टीम भेज रहा है, जो नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की जांच में मदद करेगी.

वहीं फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने कहा कि हादसे में फिलहाल विमान के अलावा जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की खबर नहीं है.

घटनास्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए डेसेंटिस ने कहा, “यह एक बहुत ही बड़ी विमान दुर्घटना थी. ऐसा लग रहा था जैसे कोई मिसाइल नीचे गिरी हो, जिसने सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बना दिया है.”

रविवार को इस इलाके में भारी बारिश हुई. नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, अत्यधिक बारिश के कारण सोमवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी (फ्लड वॉच) भी जारी की गई थी.

Latest and Breaking News on NDTV

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, ये विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए रवाना हुआ था. अधिकारियों ने तुरंत ये नहीं बताया कि जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण क्या था या उसमें कौन-कौन सवार था?

विमान 35,000 फीट (लगभग 11 किलोमीटर) की ऊंचाई पर पूर्व की ओर जा रहा था, तभी पायलटों ने टर्बुलेंस (हवा के झोंके), बर्फ जमने और बारिश/बर्फबारी की सूचना दी. उन्होंने विमान को 2,000 फीट (लगभग 610 मीटर) और ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी.

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, कुछ ही पलों में विमान तेजी से नीचे की ओर (स्टीप डाइव) जाने लगा – पहले 10,000 फीट प्रति मिनट, फिर 20,000 फीट प्रति मिनट और अंत में 30,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से. इससे विमान की गति उसकी डिजाइन सीमा से भी अधिक हो गई.

पायलट ने इमरजेंसी घोषित की और मदद के लिए कॉल (डिस्ट्रेस कॉल) किया. जमीन से टकराने से ठीक पहले, विमान तेजी से दाईं ओर मुड़ गया.

LiveATC.net द्वारा रिकॉर्ड की गई एयर ट्रैफिक कंट्रोल की बातचीत के अनुसार, दुर्घटना से कुछ मिनट पहले पायलट ने बताया कि जेट पर बर्फ जम रही है और टर्बुलेंस के कारण विमान 700 फीट (213 मीटर) तक ऊपर-नीचे हो रहा है.

पायलट ने कंट्रोलर्स को बताया, “हल्की और साफ बर्फ जमी है जिसे संभाला जा सकता है, और टर्बुलेंस भी मध्यम स्तर का है.” लेकिन स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी. बारिश/बर्फबारी का सामना करने और ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मांगने के बाद, पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी, क्योंकि विमान बहुत खतरनाक गति से नीचे गिरने लगा था.

पायलट ने रेडियो पर कहा, “हम 8,000 फीट नीचे जा रहे हैं – मेडे, मेडे (आपातकालीन संकेत) – हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं.”

पायलट ने रेडियो पर बताया, “हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं.” इसके बाद उन्होंने बहुत ही दुखद बात कही, जिससे साफ हो गया कि आगे क्या होने वाला था: “हम जमीन से टकराने वाले हैं.”

ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि यह एक प्राइवेट जेट था. वे तुरंत यह जानकारी नहीं दे सके कि उड़ान में कौन-कौन सवार था.काउंटी अधिकारियों ने बताया कि अगली सूचना तक सड़क बंद रहेगी.

पाम बीच काउंटी शेरिफ के अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना फ्लोरिडा के ग्रीनएक्रस में हुई. 45,000 की आबादी वाला यह शहर, वेस्ट पाम बीच से लगभग 7 मील (11 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में स्थित है.

इसे भी पढ़ें: भूटान में दुनिया का सबसे खतरनाक पारो एयरपोर्ट, सिर्फ 50 पायलट को ही प्लेन उतारने की इजाजत, एक चूक और खेल खत्म




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button