धर्म

वाल्मीकि जयंती विशेष: क्या केवल जन्म से कोई महान बनता है या कर्म से? जानिए आदिकवि का दर्शन


अगर आपसे पूछा जाए कि आपके परदादा के दादा का क्या नाम था या आपकी 7वीं पीढ़ी के पूर्वज कौन थे, तो शायद आप सिर खुजाने लगेंगे. अधिकतर लोगों को इसका जवाब नहीं पता होगा. कुछ ही पीढ़ियों बाद स्मृतियां धुंधली हो जाती हैं. लेकिन त्रेतायुग करोड़ों वर्ष पुराने युग के एक महापुरुष का नाम आज भी जन-जन के दिल में ताजा है: ‘महर्षि वाल्मीकि’!

हर वर्ष आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) को देशभर में महर्षि वाल्मीकि की जयंती पूरी श्रद्धा से मनाई जाती है. आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया कि वे काल की सीमाओं से परे अमर हो गए?

महर्षि न होते, तो शायद ‘श्रीराम’ भी न होते

यह कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि वाल्मीकि न होते तो शायद हमें प्रभु राम का यह रूप देखने को न मिलता. राम धरती पर अवतरित हुए, इसका सबसे पहला प्रामाणिक विवरण वाल्मीकि रामायण से ही मिलता है. दुनिया भर में रामायण के जितने भी संस्करण हैं, उन सभी का मूल आधार यही ग्रंथ है. राम जन्मे अवश्य थे, लेकिन उनके आदर्शों और चरित्र को घर-घर तक पहुँचाने का काम महर्षि वाल्मीकि ने किया.

संस्कृत साहित्य के पहले कवि

महर्षि वाल्मीकि को संस्कृत साहित्य का प्रथम कवि यानी ‘आदिकवि’ कहा जाता है. शास्त्रों के अनुसार, वे भृगुवंश में प्रचेता (वरुण) की दसवीं संतान के रूप में जन्मे थे और उन्होंने हजारों वर्षों की घोर तपस्या की थी.

उन्होंने विश्व को 24,000 श्लोकों और 7 कांडों में विभाजित अनुपम महाकाव्य ‘रामायण’ दिया:

  • बालकांड: सरलता का प्रतीक
  • अयोध्याकांड: जीवन का सत्य
  • अरण्यकांड: त्याग की महिमा
  • किष्किन्धाकांड: जीवन-संघर्ष
  • सुंदरकांड: नवजीवन की प्रेरणा
  • युद्धकांड: धर्मयुद्ध
  • उत्तरकांड: धर्म की स्थापना

केवल ऋषि नहीं, खगोलशास्त्री और दार्शनिक भी

वाल्मीकि केवल कवि नहीं थे; वे लव-कुश के गुरु, राजा दशरथ के मित्र और एक कुशल खगोलशास्त्री भी थे. आधुनिक सॉफ्टवेयरों के विश्लेषण से सिद्ध हुआ है कि श्रीराम के जन्म के समय जिन ग्रहों और नक्षत्रों का वर्णन उन्होंने किया था, वे वैज्ञानिक रूप से बिल्कुल सटीक हैं.

इतना ही नहीं, हॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म ‘मैट्रिक्स’ जिस ‘भ्रम और सत्य’ की अवधारणा पर बात करती है, उस पर महर्षि वाल्मीकि ने अपने ग्रंथ ‘योगवासिष्ठ’ में युगों पहले चिंतन प्रस्तुत कर दिया था. इसमें बताया गया है कि मन ही समस्त सुख-दुःख, बंधन और मुक्ति का कारण है. इसके अलावा, उनकी रामायण में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का गहरा संदेश झलकता है.

हमारे लिए क्या संदेश है?

वाल्मीकि जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आत्मोन्नति का पर्व है. उनके नायक श्रीराम समरसता के प्रतीक हैं, जो अयोध्यावासियों, वनवासियों, वानरों, जटायु, शबरी, निषादराज, केवट और विभीषण सबके बने.

महर्षि वाल्मीकि हमें सिखाते हैं कि जन्म नहीं, बल्कि ज्ञान, परिश्रम, संवेदनशीलता और विचार ही इंसान को युगों-युगों के लिए महान और अमर बनाते हैं.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button