

Diwali 2026: दिवाली एक ऐसा त्योहार है जिसका लोग साल भर से इंतजार करते हैं. ये त्योहार सिर्फ रोशनी, मिठाइयों और आतिशबाजी का त्योहार नहीं होता है. ये देश की संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं को भी दर्शाता है. साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में दीवाली को अलग-अलग तरीकों से भी मनाया जाता है. कहीं गंगा के घाट हजारों दीयों से जगमगाते हैं, तो कहीं देवी काली की पूजा होती है. ऐसे में अगर आप दीवाली के मौके पर घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम 4 ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप दीवाली के मौके पर घूम सकते हैं और त्योहार का खास अनुभव ले सकते हैं. इसकी जानकारी IATO के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने दी है.
1. वाराणसी, उत्तर प्रदेश
वाराणसी में दिवाली के बाद कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली देखने लायक होती है. इस दौरान गंगा के घाट हजारों दीयों से रोशन हो उठते हैं और पुरा शहर में एक खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. गंगा आरती, मंदिरों की सजावट और घाटों पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ इस उत्सव को खास बनाती है. ऐसे में दिवाली के मौके पर आप यहां घूमने जा सकते हैं.
2. जयपुर, राजस्थान
दिवाली के दौरान जयपुर की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. शहर के बाजार, खासकर जौहरी बाजार और बापू बाजार, रंग-बिरंगी लाइट्स, सजावट और उत्सव की रौनक से भर जाते हैं. दुकानों और ऐतिहासिक इमारतों की रोशनी के बीच मिठाइयों, रंगोलियों और खरीदारी का अपना अलग आनंद है. आप दीवाली पर घुमने के लिए जयपुर जगह चुन सकते हैं.
यह भी पढ़ें: पार्टनर के साथ बिताना है सुकून भरा वक्त, तो दिल्ली से वीकेंड पर निकलें हिमाचल की इस रोमांटिक जगह
3. कोलकाता, पश्चिम बंगाल
कोलकाता में दिवाली का उत्सव काली पूजा के साथ मनाया जाता है. इस अवसर पर भक्त देवी काली की पूजा करते हैं और शहर में भव्य पंडाल, मूर्तियां और लाइट से सजी सड़कें देखने को मिलती हैं. बंगाल की कला, रचनात्मक सजावट और सामुदायिक उत्सव इस त्योहार को एक अलग पहचाान देते हैं.
4. अयोध्या, उत्तर प्रदेश
अयोध्या का दिवाली से गहरा धार्मिक और ऐतिहासिक संबंध है. मान्यता के अनुसार, भगवान राम 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे और उनकेे स्वागत में नगरवासियों ने दीप जलाए थे. इसी परंपरा की झलक आज भी यहां दिवाली के दौरान देखने को मिलती है. दीपोत्सव के अवसर पर सरयू नदी के घाटों और शहर के अलग हिस्सों में लाखों दीये जलाए जाते हैं. भव्य सजावट और धार्मिक कार्यक्रम अयोध्या को दिवाली के दौरान खास बनाते हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में फिर शुरू होगी हॉट एयर बैलून राइड, बांसेरा पार्क में 14 नवंबर से ले सकेंगे एडवेंचर का मजा





