खबर

नोएडा एयरपोर्ट से फरीदाबाद जाने वाली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर लगेगा टोल टैक्स, जानें कब से होगी वसूली | Noida Airport to Faridabad greenfield expressway Toll tax will be levied soon



औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बनाए जा रहे 31 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को जल्द ही टोल टैक्स चुकाना होगा. इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा फरीदाबाद के मोहना गांव में एक टोल प्लाजा का निर्माण किया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक इस टोल प्लाजा को आगामी दो महीने के भीतर पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके निर्माण और एक्सप्रेसवे का काम पूरा होते ही यहाँ टोल टैक्स की विधिवत वसूली शुरू कर दी जाएगी.

जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को फरीदाबाद से जोड़ने वाले इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 31 किलोमीटर है. इसका लगभग 24 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा के अंतर्गत आता है, जबकि 7 किलोमीटर का क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा में पड़ता है. यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद के सेक्टर-65 से शुरू होकर यमुना नदी को पार करते हुए पलवल के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करता है.

मोहना इंटरचेंज पर लगेगा टोल

मोहना गांव के पास इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को केजीपी (KGP) एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए एक विशेष इंटरचेंज का निर्माण हो रहा है. इस इंटरचेंज के माध्यम से जो भी वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे या उतरेंगे, उन सभी से मोहना टोल प्लाजा पर टैक्स लिया जाएगा. हालांकि, एनएचएआई ने अभी टोल टैक्स की सटीक दरों और इसकी शुरुआत की वास्तविक तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

वाहनों की गति होगी निर्धारित

सफर को सुरक्षित बनाने के लिए एक्सप्रेसवे पर स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग और साइन बोर्ड लगाने का काम पूरा हो चुका है. एनएचएआई ने वाहनों की गति सीमा भी तय कर दी है, जिसके तहत कार जैसे छोटे वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी और बड़े वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है. गति पर नजर रखने के लिए जगह-जगह स्पीड ट्रैकिंग सिस्टम लगाए गए हैं

ऑटोमैटिक सिस्टम से होगी सिंचाई

एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर विकसित की जा रही ग्रीन बेल्ट को सुंदर और हरा-भरा रखने के लिए एक अत्याधुनिक सिंचाई प्रणाली तैयार की गई है. इसके तहत पौधों को नियमित रूप से पानी देने के लिए विशेष पाइपलाइन और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं. एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि मोहना इंटरचेंज का काम तेजी से चल रहा है और इस स्प्रिंकलर व्यवस्था से पौधों का रखरखाव बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के लंबे समय तक किया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें | देश में टोल प्लाजा होंगे खत्म? सैटेलाइट से होगी टोल की वसूली, IIT कानपुर को मिली जिम्मेदारी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button