
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 अक्टूबर को कोटा में हुई सड़क दुर्घटना पर गहन दुख व्यक्त किया है. उन्होंने भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि पर शोकाकुल परिवारों के प्रति आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म’एक्स’ पर कहा कि दुर्घटना अत्यंत ही दु:खद एवं पीड़ादायक है. मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से भोपाल एवं बैतूल जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
कैसे हुआ यह सड़क हादसा?
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब श्रद्धालु खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे. उन्होंने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई. पुलिस ने शनिवार को बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से मिनीबस तड़के करीब 6 बजे एक 15 फुट गहरे नाले में गिर गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर है.
कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि यात्री मध्य प्रदेश के भोपाल और बेतूल जिलों के संयुक्त परिवारों से थे और शुक्रवार शाम को राजस्थान की तीर्थयात्रा पर निकले थे.मृतकों पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करें और हरसंभव सहायता दें.
पुलिस के अनुसार, चालक को नींद आ गई थी या वह सुस्त हो गया था, जिसके कारण वाहन सड़क से उतर गया. दुर्घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है.नाले में कीचड़ और पानी जमा होने से शुरुआत में बचाव कार्य में बाधा आई, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को निकालने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए क्रेनें लगाई गईं.
CM मोहन यादव बोले- ‘राज्य सरकार ओबीसी हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध’

