
अबू धाबी में रहने वाले इंडियन म्यूजिक लवर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने हाल ही में अबू धाबी में एक इंटरनेशनल म्यूजिक फेस्टिवल युनिफाइड की अनाउंसमेंट की है. इस फेस्टिवल में अरिजीत सिंह, सोनू निगम और करण औजला जैसे बड़े सिंगर्स शामिल होंगे. ये तीनों ही इस म्यूजिक फेस्टिवल की शुरुआत करेंगे. ऐसे में फैंस को एक ही मंच पर हिंदी गानों और पंजाबी म्यूजिक का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा.
शाहरुख खान ने खुद दी जानकारी
शाहरुख खान के इस फेस्टिवल की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी गई. फेस्टिवल के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा,’इंडिया के सबसे बड़े स्टार्स ग्लोबल स्टेज पर’.
इस वीडियो में शाहरुख खान सैक्सोफोन, ड्रम, गिटार और वायलिन जैसे म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने की कोशिश करते नजर आते हैं. वो गाने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन आखिर में कहते हैं कि यह काम प्रोफेशनल्स पर ही छोड़ देना चाहिए. इसके बाद वीडियो में अरिजीत सिंह, सोनू निगम और करण औजला की परफॉर्मेंस की झलक दिखाई जाती है.
शाहरुख इस फेस्टिवल के क्यूरेटर हैं. फेस्टिवल की थीम और कलाकारों से जुड़ी योजना बनाने में उन्होंने अहम योगदान दिया है.
म्यूजिक फेस्टिवल के आयोजन पर क्या बोले शाहरुख खान?
रोलिंग स्टोन की रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख खान ने इस म्युजिक फेस्टिवल के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा पर्दे पर कहानियां सुनाने में बिताया है. मैंने देखा है कि ये कहानियां कैसे लोगों को एक साथ लाती हैं. म्यूजिक में भी लोगों को जोड़ने की ऐसी ही खास ताकत है. इस फेस्टिवल के जरिए भारत के शानदार कलाकार पहली बार एक ही मंच पर साथ आएंगे. यह फेस्टिवल अपने बड़े पैमाने, एनर्जी और भव्यता के मामले में एक शानदार अनुभव होने वाला है.’
कब होगा ये म्यूजिक फेस्टिवल?
इस म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन यास आइलैंड के एतिहाद लाइव में किया जाएगा. इस इवेंट की खास बात ये होगी कि इसमें सिंगल स्टेज के बजाय कई स्टेज होंगे. आयोजकों की मानें तो इसमें 15 से ज्यादा आर्टिस्ट्स परफॉर्म करने वाले हैं. फिलहाल शुरुआती लाइनअप में अरिजीत सिंह, सोनू निगम और करण औजला के नाम सामने आए हैं. बाकी कलाकारों के नाम भी जल्द ही अनाउंस किए जा सकते हैं.
कब से मिलेंगे टिकट?
अगर आप भी इस फेस्टिवल में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो टिकट की तारीख नोट कर लीजिए. एमिरेट्स एनबीडी कार्ड रखने वालों के लिए प्री-सेल 19 अक्टूबर 2026 को सुबह 9:30 बजे (यूएई समय) शुरू होगी. ये सुविधा 20 अक्टूबर तक रहेगी. वहीं, आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री 20 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे (यूएई समय) शुरू होगी. टिकटों की कीमत की जानकारी संबंधित टिकट पेज पर चेक करनी होगी.
