खबर

ममता बनर्जी पर महिला ने की चाकू से हमले की कोशिश, TMC बोली- तीन बार की सीएम भी सुरक्षित नहीं | mamata banerjee attacked by woman with knife



पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कथित तौर पर हमला हुआ है. तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि एक महिला ने चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि महिला को तुरंत ही पकड़ लिया गया. इस मामले में तृणमूल कांग्रेस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

ममता बनर्जी पर यह हमला उनके घर के बाहर ही हुआ है. तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने आरोप लगाया है कि एक महिला ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की. 

शिकायत के मुताबिक, शाम को ममता बनर्जी मीडिया से बात करने के लिए अपने घर से बाहर निकली थीं. तभी एक महिला ने उन पर हमला करने की कोशिश की.

कौन है हमला करने वाली महिला?

तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में कालीघाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. टीएमसी ने पुलिस को बताया है कि महिला का नाम तनिष्ठा साहा है और वह एक सिविल वॉलेंटियर है. 

टीएमसी ने आरोप लगाया है कि तनिष्ठा साहा ने पहले भी ममता बनर्जी के घर के सामने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी.

टीएमसी के प्रवक्ता नीलांजन दास ने X पर पुलिस को मेल की गई शिकायत का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया है. इसमें तृणमूल ने दावा किया है कि तनिष्ठा साहा को नशे की लत है. उसने ममता बनर्जी पर चाकू से हमला किया और खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया. वह गाली-गलौज कर रही थी, नशे में थी और जबरदस्ती ममता बनर्जी के पास जाने की कोशिश कर रही थी.

पुलिस को की गई शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी पर हमला करने के मकसद से तनिष्ठा सड़क पर लेट भी गई.

टीएमसी ने उठाए सवाल

ममता बनर्जी पर कथित हमले के बाद टीएमसी ने पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी की सरकार पर सवाल उठाए हैं. 

टीएमसी ने सवाल उठाया है कि Z+ सिक्योरिटी वाली पूर्व मुख्यमंत्री के दरवाजे तक हमलावर कैसे पहुंची? इससे बड़ी साजिश का शक पैदा होता है.

वहीं, पूर्व सांसद और टीएमसी प्रवक्ता साकेत गोखले ने कहा कि ‘बंगाल के हालात ऐसे हैं कि यहां Z+ सुरक्षा वाली और 3 बार की मुख्यमंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं. क्या यह BJP की कोई सोची-समझी साजिश थी, क्योंकि दीदी उन्हें दिल्ली में खत्म करने पर आमादा हैं?’

उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है. लेकिन उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि पुलिस कोई कार्रवाई करेगी भी या नहीं.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button