
मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में शुक्रवार (12 जून) दोपहर आई तेज आंधी और प्री-मानसून बारिश ने भारी तबाही मचाई. जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया.
सबसे दर्दनाक हादसा आवदा थाना क्षेत्र के सुसवाड़ा गांव में हुआ, जहां तेज आंधी के दौरान एक अस्थायी टिन शेड गिरने से 3 खेत मजदूरों की मौत हो गई. आवदा थाना प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि 4 सदस्यीय परिवार राजपुरा गांव में मूंग की फसल की रखवाली कर रहा था. अचानक मौसम खराब होने पर सभी लोग बचाव के लिए टिन शेड में चले गए.
Indore News: इंदौर में सड़क हादसा: कार से उतरते ही बस ने केंद्रीय मंत्री के रिश्तेदार को कुचला
कंक्रीट की दीवार भरभराकर गिरी
इसी दौरान तेज हवाओं के कारण शेड से सटी कंक्रीट की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे टिन शेड भी ढह गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए. हादसे में भीमा आदिवासी (40), उनकी पत्नी सीमा आदिवासी (38) और बहू रजवती आदिवासी (21) की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया. उसे इलाज के लिए राजस्थान के केलवाड़ा अस्पताल भेजा गया है.
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया. मलबे से सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
वहीं, एक अन्य घटना में सालपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा एक ऑटो रिक्शा तेज आंधी के कारण पलट गया. इसकी चपेट में आने से पास खड़ी 80 वर्षीय भरोसी बाई वैष्णव की मौके पर ही मौत हो गई.
आंधी और बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा, बिजली की लाइनें टूट गईं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही. सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी कई घंटों तक प्रभावित रहा.
सुप्रीम कोर्ट ने मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज, आई बीजेपी की पहली प्रतिक्रिया, जानें- क्या कहा?
हालांकि, बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, श्योपुर में अधिकतम तापमान इस सप्ताह 41 डिग्री सेल्सियस से घटकर शुक्रवार को लगभग 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान श्योपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.