
नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवा में 25 साल पूरे हो गए हैं. इस अवसर पर पीएम मोदी ने दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेतृत्व करते हुए 25 साल हो गए हैं. इस अवसर पर पीएम मोदी को कैबिनेट ने प्रस्ताव पास करके बधाई दी है. 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात के सीएम बने थे और 7 अक्टूबर 2026 को उनके नेतृत्व के 25 साल पूरे हो गए हैं.
पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन अमित शाह गुरुग्राम में सुनेंगे
बुधवार को मनाए जाने वाले सेवा ज्योति कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह गुरुग्राम में रहेंगे. प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुनने के लिए वो हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे. गुरुग्राम के लेजर वैली मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुनेंगे. गृहमंत्री अमित शाह के साथ हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे.
पीएम मोदी के लोकसेवा में 25 साल पूरे होने पर देशभर में आज बीजेपी कई प्रोग्राम आयोजित करने जा रही है. इस मौके पर पीएम मोदी ने एक वीडियो भी जारी किया है. इस वीडियो में पीएम मोदी के 25 साल के सफर को दिखाया गया है. गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर देश प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को इस वीडियो में बेहद खूबसूरती के साथ दिखाया गया है.
बधाइयों का लगा तांता
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं. उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘प्रधान सेवक’ के तौर पर नरेंद्र मोदी की यात्रा ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समावेशी विकास के विजन को एक राष्ट्रव्यापी मिशन में बदल दिया है. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सरकार के प्रमुख के तौर पर देश की सेवा के 25 साल पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. ‘प्रधान सेवक’ के तौर पर आपकी यात्रा ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ समावेशी विकास के विजन को एक राष्ट्रव्यापी मिशन में बदल दिया है.”
उन्होंने आगे लिखा, “विभिन्न राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की अपनी यात्राओं के दौरान, मैंने बेहतर कनेक्टिविटी, डिजिटल प्रगति, बढ़ते अवसरों और समावेशी विकास के माध्यम से भारत में स्पष्ट बदलाव देखा है. आपके दूरदर्शी नेतृत्व की सबसे बड़ी उपलब्धि 25 करोड़ लोगों को घोर गरीबी से बाहर निकालना है. यह एक ऐसी ऐतिहासिक उपलब्धि है जिसे मानव इतिहास कभी नहीं भूल सकता.”
जनसेवा की साधना, राष्ट्र आराधना के भाव और भारत के उत्कर्ष को समर्पित अखंड संकल्प की यात्रा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी की 25 वर्ष की यह यात्रा जनसेवा की साधना, राष्ट्र आराधना के भाव और भारत के उत्कर्ष को समर्पित एक अखंड संकल्प की यात्रा है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री के जीवन का प्रत्येक दिन भारत माता के वैभव को समर्पित रहा है. गुजरात की पुण्यभूमि से प्रवाहित हुई जनसेवा की यह धारा आज हिमालय से सागर तक भारत के जन-मन को स्पर्श कर रही है. गांव, गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति के जीवन में आया परिवर्तन राष्ट्र के नवजागरण की एक सुंदर गाथा रच रहा है.”

रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “इन 25 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने सेवा को संस्कार, कर्तव्य को साधना और राष्ट्रहित को जीवन का ध्येय बनाया है. उन्होंने भारत के आत्मविश्वास को जागृत किया, हमारी सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा दी और प्रत्येक भारतीय के हृदय में विकसित एवं वैभवशाली भारत का संकल्प प्रबल किया. आज 25 वर्षों की यह राष्ट्र-साधना विकसित भारत के विराट संकल्प के साथ एक नए युग की ओर अग्रसर है.”
ये भी पढ़ें:- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर पिछले 25 साल में मोदी की उपलब्धियों की प्रशंसा की





