
मध्य प्रदेश पुलिस ने बांग्लादेश और म्यांमार से जुड़े कथित मानव तस्करी और अवैध घुसपैठ के एक नेटवर्क का खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि बांग्लादेश की युवतियों को कथित तौर पर डंकी रूट के जरिए भारत लाया जाता था. इसके बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर ले जाकर स्थानीय युवकों से शादी कराने की बात सामने आई है. पुलिस ने अलीगढ़ से चार युवतियों को बरामद किया है, जिनमें दो नाबालिग बताई जा रही हैं.
पुलिस के मुताबिक, जीआरपी से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक ट्रेन से भोपाल आ रहा है. इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने म्यांमार मूल के मुबिन को पकड़ा. उसकी निशानदेही पर कथित नेटवर्क से जुड़े हसन को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ में युवतियों को भारत लाने और अलग-अलग स्थानों पर भेजने से जुड़े कई अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है.
यह भी पढ़ें- ‘एक की वजह से पूरी कौम को…’, मुस्लिम संगठन की अपील- गरबे से दूर रहें
अलीगढ़ से चार युवतियां बरामद
पूछताछ के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ से चार युवतियों को बरामद किया. इनमें दो के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, युवतियों को बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश कराया गया. इसके बाद हावड़ा, अलीगढ़ और जम्मू होते हुए उन्हें कश्मीर पहुंचाने का कथित रूट सामने आया है.
शादी के जरिए नागरिकता दिलाने का शक
जांच एजेंसियों को आशंका है कि युवतियों को जम्मू-कश्मीर ले जाकर स्थानीय युवकों से शादी कराई जाती थी. पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि कहीं शादी की आड़ में अवैध रूप से भारत आए लोगों को भारतीय नागरिकता दिलाने की कोशिश तो नहीं की गई. रिफ्यूजी कैंप से आई युवतियों से ट्रांसलेटर की मदद से पूछताछ की जा रही है.
NIA समेत अन्य एजेंसियां करेंगी जांच
मामले में मानव तस्करी के साथ अवैध घुसपैठ के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है. जांच में अब तक पांच राज्यों के अलावा बांग्लादेश और म्यांमार से जुड़े कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है. पुलिस हसन और मुबीन समेत आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें- इंदौर: तीन बस्तियों पर बुलडोजर, पुलिस पर पथराव, महिलाओं समेत 9 हिरासत में
