खबर

दिवाली और छठ पर अब सभी को मिलेगी सीट, दिल्ली-मुंबई से यूपी-बिहार के रूट पर रेलवे चलाएगा ट्रेन ऑन डिमांड  | Diwali Chhath Train Ticket Waiting List Solution Indian Railways starts Train On Demand Scheme


Train On Demand Scheme : दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के इस सीजन में अगर आपको उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत दूसरे राज्यों के लिए कन्फर्म ट्रेन टिकट नहीं मिला है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है.   दरअसल, यात्रियों की इस बड़ी समस्या को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे ने इस बार ट्रेन ऑन डिमांड के साथ ही बड़े पैमाने पर अनारक्षित जनरल स्पेशल चलाने की योजना तैयार की है, जिससे आखिरी समय में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी बड़ा सहारा मिलेगा. 

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व पर घर जाने के लिए लाखों यात्री महीनों पहले से टिकट की बुकिंग शुरू कर देते हैं. इसके बावजूद मुंबई, दिल्ली, गुजरात और पंजाब जैसे बड़े राज्यों से यूपी-बिहार जाने वाली प्रमुख रेगुलर ट्रेनों में महीनों पहले ही नो रूम या 200 से अधिक की वेटिंग लिस्ट हो जाती है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को त्योहार के इस सीजन में कंफर्म टिकट के लिए दर-दर भटकना पड़ता था, जिसे देखते हुए रेलवे ने ये बड़ा कदम उठाया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

क्या है रेलवे की Train On Demand स्कीम 

भारतीय रेलवे ने अपने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम में रियल टाइम डेटा मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया है. इसके तहत रेलवे अधिकारी रोजाना उन रूट्स पर नजर रख रहे हैं, जहां वेटिंग लिस्ट सबसे तेजी से बढ़ रही है. इस दौरान अगर किसी खास रूट जैसे दिल्ली से पटना, मुंबई से दरभंगा, या अहमदाबाद से वाराणसी पर वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा एक निश्चित सीमा को पार कर जाता है, तो रेलवे उस रूट पर अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराकर ट्रेन ऑन डिमांड की घोषणा करता है. इन ट्रेनों की घोषणा यात्रा की तारीख से 24 से 48 घंटे पहले भी की जा सकती है, जिससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को अचानक कन्फर्म टिकट पाने का मौका मिल जाता है.

अनारक्षित जनरल स्पेशल ट्रेनों में बिना रिजर्वेशन मिलेगी एंट्री

जिन यात्रियों को ऑनलाइन या काउंटर से पहले से आरक्षित टिकट नहीं मिल पाया है, उनके लिए भी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही है, जो सबसे बड़ा सहारा साबित हो रही हैं. इन ट्रेनों में यात्रा करने के लिए पहले से कोई आरक्षण कराने की जरूरत नहीं होती. यात्री रेलवे स्टेशन के साधारण टिकट बुकिंग काउंटर या अपने मोबाइल पर UTS Online App के जरिए तुरंत साधारण टिकट खरीदकर यात्रा कर सकते हैं. उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे की ओर से आनंद विहार, नई दिल्ली, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और सूरत जैसे बड़े स्टेशनों से विशेष अनरिजर्व्ड गाड़ियां चलाई जा रही हैं.

दिवाली-छठ पर कन्फर्म सीट पाने के 4 स्मार्ट टिप्स 

  • IRCTC से ऑनलाइन टिकट बुक करते समय VIKALP का ऑप्शन जरूर चुनें. अगर आपकी मुख्य ट्रेन में सीट कन्फर्म नहीं होती है, तो उसी रूट की किसी दूसरे स्पेशल ट्रेन में ऑटोमेटिक सीट अलॉट हो सकती है.
  • रेलवे की ओर से रोज घोषित की जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की सूची पर नजर रखें. ट्रेन ऑन डिमांड के तहत जैसे ही नई ट्रेन खुले, तुरंत बुकिंग करें.
  • सीधे बड़े स्टेशनों के बजाय बीच के किसी मुख्य जंक्शन जैसे मुगलसराय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, कानपुर या पटना तक का टिकट लेकर आगे की यात्रा पैसेंजर या जनरल ट्रेन से तय करें.
  • यात्रा के दिन मुख्य रेलवे स्टेशनों पर बने फेस्टिवल हेल्प डेस्क या रेलवे की 139 हेल्पलाइन से स्पेशल ट्रेनों की ताजा स्थिति जानें.

यह भी पढ़ें- रायगड़ा में पहाड़ खिसकने से कई ट्रेनें अचानक हुई रद्द, देखें प्रभावित ट्रेनों की लिस्ट

 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button