

नई दिल्ली:
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 2 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके गुरुवार को मुंबई के मरीन ड्राइव पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे. उनके हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां थीं. इसी दौरान मुंबई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अपने साथ थाने ले गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक महिला निरीक्षक सहित पुलिस टीम ने दीपके से बातचीत की और उन्हें एक वैन में बैठाकर मरीन ड्राइव पुलिस थाने ले जाया गया. रास्ते में महिला अधिकारी ने उनसे उनकी पहचान और गृह नगर के बारे में जानकारी ली.
थाने में कुछ देर रखा गया
थाने पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके और उनके साथ मौजूद समर्थकों को प्रतीक्षालय में बैठाया गया. पुलिस की ओर से उनसे कुछ औपचारिक जानकारी ली गई. इसके बाद उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने के लिए कहा गया.
कुछ ही मिनटों में बाहर आए दीपके
पूरी घटना ज्यादा देर तक नहीं चली. कुछ ही मिनटों बाद अभिजीत दीपके थाने से बाहर निकल आए. बाहर आते समय वह मुस्कुराते हुए दिखाई दिए. पुलिस की ओर से उन्हें लेकर किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है. इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में पुलिस टीम को दीपके को अपने साथ ले जाते हुए देखा जा सकता है.
2 अक्टूबर के प्रदर्शन पर नजर
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब CJP ने 2 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मुंबई में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. ऐसे में प्रदर्शन से एक दिन पहले संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने की घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि गांधी जयंती के दिन होने वाले प्रस्तावित आंदोलन का स्वरूप क्या रहता है.
यह भी पढ़ें- जेन जी Vs गांधी जी: CJP ने गांधी को प्रतीक तो बनाया, उनकी राह पर चल पाएगी?





