

पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुटों के बीच चल रहा विवाद पुलिस कार्यालय तक पहुंच गया. जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के लोगों के बीच पहले कहासुनी और टकराव हुआ था. इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक गुट दूसरे का पीछा करते हुए डीएसपी कार्यालय के बाहर तक पहुंच गया.
डीएसपी कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछा करने के दौरान बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी. फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. बताया जा रहा है कि चली कुछ गोलियां पुलिस परिसर के हिस्से में भी लगीं. इस घटना ने पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए. उनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
घटना के बाद जलालाबाद में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी बवाल केस: 5 युवक गिरफ्तार, CCTV फुटेज से हुई पहचान





