खबर

पटना में कोचिंग से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़, विरोध करने पर मारपीट; CCTV से आरोपियों की पहचान | patna City coaching Girl Molested And Assaulted Khajekalan students harassment case cctv Footage accused identified Crime bihar police raid


पटना:

पटना सिटी में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. खाजेकलां थाना क्षेत्र में कोचिंग से घर लौट रही 15 वर्षीय छात्रा और उसकी सहेलियों के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट की घटना सामने आई है. आरोप है कि रास्ते में खड़े दो युवकों ने पहले आपत्तिजनक टिप्पणी की और विरोध करने पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने लगे. शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

कोचिंग से लौटते समय हुई वारदात

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब 7:45 बजे की है. खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खान अखाड़ा के पास तीन छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही थीं. छात्राओं का आरोप है कि रास्ते में खड़े दो युवकों ने उन पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. शुरुआत में छात्राओं ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपियों का व्यवहार और आक्रामक हो गया.

थाने का फाइल फोटो

थाने का फाइल फोटो

विरोध करने पर की मारपीट

पीड़ित छात्रा द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, जब छात्राओं ने अशोभनीय टिप्पणियों का विरोध किया तो दोनों युवक अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगे. आरोप है कि इसके बाद दोनों छात्राओं के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गए. अचानक हुए इस घटनाक्रम से छात्राएं घबरा गईं, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया.

लोगों के जुटते ही फरार हुए आरोपी

छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद छात्राएं घर पहुंचीं और अपने स्वजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ खाजेकलां थाना पहुंची और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.

थाने में दर्ज कराई शिकायत की कॉपी

थाने में दर्ज कराई शिकायत की कॉपी

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) और सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) राजकिशोर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी. प्रारंभिक जांच के दौरान छात्राओं को सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, लेकिन उस समय वे आरोपियों की पहचान नहीं कर सकीं. पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर खाजेकलां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

CCTV से हुई पहचान

मंगलवार को पुलिस ने दोबारा छात्राओं को घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज दिखाए. इस बार छात्राओं ने कथित तौर पर दोनों युवकों की पहचान कर ली. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है. एएसपी राजकिशोर सिंह के अनुसार, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

स्कूल-कॉलेजों के आसपास बढ़ाई गई गश्त

पुलिस ने घटना के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कदम भी उठाए हैं. एएसपी ने बताया कि छात्राओं वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास महिला पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे.

जांच जारी

पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : 42 मामलों के आरोपी; RJD नेता रीतलाल यादव की मुश्किलें बढ़ीं, स्पेशल पीपी करेंगे पैरवी, AG बोले- इकलौता मामला




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button