खबर

बहराइच में झोपड़ी में घुस चारपाई पर आराम फरमाने लगा तेंदुआ, देखते ही उड़े दुकानदारों के होश | Leopard terror in Bahraich attacked women death leopard was resting on cot


बहराइच में झोपड़ी में घुस चारपाई पर आराम फरमाने लगा तेंदुआ, देखते ही उड़े दुकानदारों के होश

बहराइच के लोग तेंदुए के आतंक से बहुत परेशान हैं.

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के बहराइच में तेंदुएं का आतंक बढ़ता जा रहा है. तेंदुए आए दिन किसी न किसी पर हमला कर रहे हैं. सब्ज़ी तोड़ने गई एक महिला पर तेंदुए ने हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. वहीं एक अन्य जगह दिनदहाड़े एक तेंदुआ झोपड़ी में घुसकर वहां रखी चारपाई पर सो गया, जिससे लोगों में दहशत है.  महिला पर हमले की घटना कतर्निया घाट वन्य जीव अभ्यारण्य में सुजौली थाना क्षेत्र के गड़ेरियनपुरवा गांव की है. घर के पास खेत में सब्जी तोड़ने गईं करीब 35 साल की ममता देवी पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया. हमले में उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

तेंदुए के हमले में महिला की मौत

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ममता देवी गन्ने के खेत के पास सब्जी तोड़ रही थीं. इसी दौरान खेत में छिपा तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से ममता को संभलने तक का मौका नहीं मिला.  घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण खेत की ओर दौड़े, लेकिन तब तक ममता की मौत हो चुकी थी. तीन मासूम बच्चों के सिर से  मां का साया उठ गया. उधर मोतीपुर रेंज क्षेत्र के नगर पंचायत दरोगा पुरवा  में भी तेंदुए का आतंक है और ग्रामीणों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है. 

झोपड़ी में घुसकर आराम फरमा रहा तेंदुआ

बुधवार शाम एक तेंदुआ दिनदहाड़े बालू डंप के पास बनी झोपड़ी में घुस गया और वहां पड़ी चारपाई पर जाकर आराम फरमाने लगा. दरोगा पुरवा से गोपिया नहर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे पलेशर चक्की लगी है. इसी के पास एक झोपड़ी बनी है. बुधवार शाम पालेसर चक्की दुकानदार यूसुफ झोपड़ी के पास लगे नल पर हाथ धोने पहुंचा तो उसकी नजर झोपड़ी के अंदर चारपाई पर आराम कर रहे तेंदुए पर पड़ी. तेंदुए को देखते ही उसके होश उड़ गए. 

बहराइच में तेंदुए का आतंक

उसने तुरंत अपने मोबाइल से तेंदुए की तस्वीर खींची और भागकर अपनी दुकान में पहुंचा. युवक ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.शोर-शराबा होने पर तेंदुआ झोपड़ी से निकलकर वहां से भाग गया. दिनदहाड़े लोगों की आवाजाही वाले रास्ते के किनारे तेंदुए के इस तरह झोपड़ी में घुसकर बैठने से लोगों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की वजह से आसपास के दुकानदार और ग्रामीण शाम होते ही दुकानें बंद कर घर जाने लगे हैं. वहीं सुबह भी लोग देर से दुकान खोलने पहुंच रहे हैं. लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें-उत्तर प्रदेश में इंसानों-जानवरों के बीच क्यों बढ़ रहा टकराव? मुरादाबाद-बिजनौर में बार-बार दिखे तेंदुए




पूरी स्टोरी पढ़ें







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button