
नई दिल्ली:
साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुए गैंगरेप की जघन्य वारदात के विरोध में और दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर लेडी श्री राम कॉलेज (LSR) की छात्राओं और अन्य छात्राओं ने कॉलेज परिसर के पास सॉलिडेटरी मार्च निकाला.
प्रदर्शन के दौरान पीड़िता के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए एक छात्रा ने कहा, ‘यह एक सॉलिडेटरी मार्च है. उस लड़की के साथ इतनी भयानक घटना हुई है, हम पीड़िता को सपोर्ट कर रहे हैं. सिर्फ उसी के साथ नहीं, बल्कि देश और राजधानी में जितनी भी लड़कियों के साथ ऐसी घटनाएं हुई हैं, हम उन सभी के समर्थन में यहां आए हैं.’

इधर LSR कॉलेज ने बुधवार के लिए क्लासेज को ऑनलाइन मोड में शिफ्ट कर दिया है. कॉलेज ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रेगुलर क्लासेज रद्द कर दी थीं. अब छात्राएं गैंगरेप के खिलाफ मार्च कर रही हैं.
LSR में कल से फिर होंगी ऑफलाइन क्लासेस
लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन की प्राचार्या कनिका के. आहूजा ने बताया, ‘‘बड़ी संख्या में छात्राओं और संकाय सदस्यों (फैकल्टी) के साथ ‘ऑफलाइन’ क्लासेस को लेकर बैठकें जारी हैं. ‘ऑफलाइन क्लासेस’ कल से फिर से शुरू हो जाएंगी.”
प्राचार्या आहूजा ने कहा था, ‘‘इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में पता चलने के बाद हमने क्लासेस रद्द कर दी थीं. हमारे लिए अपनी छात्राओं की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि है. हमने अपने संकाय सदस्यों और कॉलेज काउंसलर से अनुरोध किया है कि वे छात्राओं को हरसंभव सहायता देने के लिए उपलब्ध रहें.’





