मध्य प्रदेश

कूनो में गूंजी चीतों की नई किलकारी, 4 शावकों के जन्म से भारत में 56 हुआ कुनबा


मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में प्रोजेक्ट चीता के तहत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने 18 सितंबर 2026 को चार शावकों को जन्म दिया है. चार नए शावकों के जन्म के साथ भारत में जीवित चीतों की संख्या 52 से बढ़कर 56 हो गई है. वहीं, भारत में जन्मे चीतों की संख्या भी बढ़कर 36 हो गई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 17 सितंबर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान से शुरू हुई चीता पुनर्स्थापना की यात्रा अब पुनर्स्थापना से आगे बढ़कर प्राकृतिक प्रजनन और नई पीढ़ी के संरक्षण के चरण में पहुंच गई है. चार नए शावकों का जन्म इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

नामीबिया से शुरू हुआ सफर, अब भारत में बढ़ रहा चीता परिवार

भारत में प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए 8 चीतों के साथ हुई थी. इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते भारत लाए गए. फरवरी 2026 में बोत्सवाना से भी 9 चीतों को भारत लाया गया. इन पुनर्स्थापना प्रयासों और भारत में हुए प्रजनन के परिणामस्वरूप अब देश में 56 जीवित चीते हो गए हैं.

कूनो में 53, मध्य प्रदेश में 56 चीते

चार शावकों के जन्म से पहले कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 49 और गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में 3 चीते थे. अब KGP12 के चार शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या 53 और मध्य प्रदेश में कुल संख्या 56 हो गई है. कूनो के साथ गांधी सागर में भी चीता संरक्षण और पुनर्स्थापना का विस्तार किया गया है.

मध्य प्रदेश सरकार के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रोजेक्ट चीता के संरक्षण, सुरक्षा और संवर्धन पर लगातार काम किया जा रहा है. वन विभाग, वन्यजीव विशेषज्ञ, पशु चिकित्सक और मैदानी अमला चीतों की सुरक्षा, स्वास्थ्य निगरानी और उनके आवास प्रबंधन से जुड़े कार्यों में जुटा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button