

महिलाओं के चेहरे पर बाल होना यानी फेशियल हेयर होना आम बात है. बस पुरुषों के मुकाबले ये कम होते हैं. लेकिन कई महिलाओं की शिकायत होती है कि उनके चेहरे खासकर अपर लिप्स और ठुड्डी पर ज्यादा और मोटे बाल आते हैं या अचानक फेशियल हेयर ज्यादा आने लगे हैं. अगर आप भी इन्हीं महिलाओं में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन सोनिया नारंग ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने फेशियल हेयर को नेचुरल तरीके से कम करने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
कैसे कम करें फेशियल हेयर?
सोनिया नारंग बताती हैं, अगर आपके चेहरे पर अचानक बाल बढ़ने लगे हैं या मोटे बाल आ रहे हैं, तो ऐसा एंड्रोजन हार्मोन का लेवल बढ़ने के चलते हो सकता है. एंड्रोजन हार्मोन बढ़ने से चेहरे पर बालों की ग्रोथ बढ़ने लगती है. हालांकि, एक अच्छी बात यह ही कि कुछ नेचुरल तरीके अपनाकर एंड्रोजन हार्मोन के लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है. इसके लिए एक्सपर्ट एक खास ड्रिंक पीने की सलाह देती हैं.
चाहिए होंगी ये चीजें
- इस ड्रिंक को बनाने के लिए आपको 1 चम्मच मेथी दाना
- 1 चुटकी दालचीनी पाउडर
- स्पीयरमिंट टी का एक बैग और पानी की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं ड्रिंक?
इसके लिए 1 गिलास पानी में 1 चम्मच मेथी दाना और 1 चुटकी दालचीनी पाउडर डालकर अच्छी तरह उबाल लें. इसके बाद पानी को छान लें. अब, इस पानी में स्पीयरमिंट टी (Spearmint Tea) का एक बैग डालें. इतना करते ही आपकी ड्रिंक बनकर तैयार हो जाएगी. सोनिया नारंग इसे हल्का गुनगुना कर पीने की सलाह देती हैं.
कैसे फायदा पहुंचाती है ये ड्रिंक?
- सोनिया नारंग बताती हैं, कुछ रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि स्पीयरमिंट में एंटी-एंड्रोजन प्रभाव होते हैं. यानी ये शरीर में ज्यादा एंड्रोजन के असर को कम करने में मदद कर सकती है. स्पीयरमिंट टी का नियमित सेवन महिलाओं में फ्री टेस्टोस्टेरोन के लेवल को कम करने और LH, FSH को बढ़ाने में भी मदद कर सकता है. खासकर PCOS जैसी कंडीशन में स्पीयरमिंट टी का सेवन बेहद फायदेमंद हो सकता है.
- मेथी में डायोसजेनिन (Diosgenin) नाम का एक पौधों से मिलने वाला कंपाउंड पाया जाता है, जो भी हार्मोनल बैलेंस को सपोर्ट कर सकता है.
- इन सब से अलग दालचीनी में पॉलीफेनॉल पाए जाते हैं, जो शरीर में इंसुलिन के काम को बेहतर तरीके से सपोर्ट कर सकते हैं. इंसुलिन का स्तर ज्यादा होने पर एंड्रोजन बढ़ने लगता है.
इस तरह इस ड्रिंक का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. सोनिया नारंग बताती हैं कि करीब दो महीने तक रोज इस ड्रिंक को पीने से आपको कमाल के फायदे देखने को मिल सकते हैं. ऐसे में आप भी इस आसान से नुस्खे को आजमाकर देख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- BP चेक करने का सही तरीका क्या है? एक्सपर्ट से जानें घर पर मशीन से बीपी कैसे चेक करें, तभी आएगी सही रीडिंग





