

हम में से अधिकतर लोग पेट से जुड़ी समस्याओं को कॉमन समझकर इग्नोर कर देते हैं. दरअसल, कई ऐसी समस्याएं जैसे- गैस, अपच, पेट में दर्द, कब्ज इतयादि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. इसलिए अधिकतर लोग इसे कॉमन समझ लेते हैं, जो कुछ स्थितियों में गंभीर भी हो सकती है. इसलिए पाचन या पेट से जुड़ी दिक्कतों को लंबे समय तक इग्नोर न करें. आंत में सूजन होने पेर इसी तरह की समस्याएं होने लगती हैं, जिसे इग्नोर करना आपके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है.
डॉ. अंशुमन कौशल, डायरेक्टर – रोबोटिक जीआई, मिनिमल एक्सेस एंड बेरियाट्रिक सर्जरी, सीके बिरला हॉस्पिटल, गुरुग्राम कहते हैं, ‘बड़ी आंत में सूजन के शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य पेट संबंधी समस्याओं जैसे दस्त, पेट दर्द या गैस से मिलते-जुलते हैं. यही वजह है कि कई लोग इन संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं. यदि बार-बार दस्त, मल में खून, पेट में लगातार ऐंठन या अचानक वजन कम होने जैसी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहें, तो तुरंत विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए. समय पर जांच और इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है.’ यहां जानते हैं विस्तार-
बार-बार दस्त होना
अक्सर हम बार-बार दस्त होने की परेशानी को इग्नोर कर देते हैं. अगर आपको लगातार कई दिनों या सप्ताह तक दस्त की समस्या बनी रहती है, तो इसे हल्के में न लें. ऐसे लक्षण बड़ी आंत में सूजन की ओर इशारा करते हैं. दरअसल, जब हमारे आंतों की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है, तो मल बार-बार पतला निकल सकता है. कुछ मामलों में मल के साथ खून या म्यूकस भी दिखाई दे सकता है.
पेट में लगातार दर्द या ऐंठन
खाना खाने के बाद पेट में दर्द होना या बार-बार पेट में मरोड़ जैसी दिक्कत हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें. इस तरह के संकेत बड़ी आंत में सूजन के हो सकते हैं. ये दर्द अक्सर निचले पेट में महसूस होता है और समय के साथ बढ़ सकता है.
शरीर का वजन अचानक कम होना
अगर बिना किसी डाइटिंग या एक्सरसाइज के आपका वजन कम हो रहा है, तो ये एक चिंता का विषय हो सकता है. ऐसे लक्षण बड़ी आंत में सूजन के हो सकते हैं. दरअसल, जब आंत में सूजन होता है, तो हमारा शरीर पोषक तत्वों को सही तरीके से अवशोषित नहीं कर पाता है, जिसकी वजह से वजन कम होने लग सकता है.
थकान और कमजोरी महसूस होना
शरीर में लगातार थकान, कमजोरी या ऊर्जा की कमी को हम में से अधिकतर लोग काम का प्रेशर या नींद की कमी समझ लेते हैं. लेकिन ऐसे लक्षण बड़ी आंत में सूजन के कारण हो सकते हैं. इससे शरीर में पोषण की कमी और खून की कमी हो सकती है, जिससे व्यक्ति हमेशा थका हुआ महसूस करता है.
बार-बार टॉयलेट जाने की इच्छा
कुछ लोगों को ऐसा महसूस होता है कि उन्हें तुरंत टॉयलेट जाना है, लेकिन मल बहुत कम मात्रा में निकलता है. यह स्थिति भी बड़ी आंत में सूजन का एक सामान्य लक्षण हो सकती है. कई बार मरीजों को रात में भी बार-बार उठकर बाथरूम जाना पड़ता है.
वीडियो में देखें गुड बैक्टीरिया कैसे बढ़ाएं-
ये भी पढ़ें – विटामिन डी के लिए कौन सी धूप अच्छी है? सुबह या रात को विटामिन डी कब लें





