

मंगलवार को ब्रिटेन में एक तकनीकी खराबी के बाद 400 से ज्यादा फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं. बताया जा रहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आई थी. इसकी वजह से बड़े स्तर पर ऑपरेशंस डिस्टर्ब हुए.
ब्रिटेन नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) ने जारी बयान में कहा है कि उनके इंजीनियर्स ने तकनीकी खराबी की पहचान कर ली है और इस समय इसे ठीक करने की कोशिश की जा रही है. बताया जा रहा है कि फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में कुछ तकनीकी खराबी आई थी. इस वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में भी दिक्कत हुई.
FlightAware के डेटा के मुताबिक, अकेले हीथ्रो पर सबसे ज्यादा फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं. 367 फ्लाइट लेट चल रही हैं, वहीं गैटविक पर ढाई सौ फ्लाइट समय से देरी से चल रही हैं. द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, बर्मिंघम, एबरडीन, ग्लासगो और एडिनबर्ग एयरपोर्ट पर भी दिक्कत का सामना करना पड़ा है.
अब जानकारी के लिए बता दें कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल एक ऐसा सिस्टम है जो किसी भी जहाज को सही रास्ता दिखाने में अहम भूमिका निभाता है. इसी एटीसी की वजह से दो विमान एक दूसरे से टकराते नहीं हैं. अब ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज ने जानकारी दी है कि उनके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में ही दिक्कत हो गई थी. इसी वजह से किसी भी फ्लाइट के आने-जाने का डेटा ठीक से मिल नहीं पा रहा था.
इस तकनीकी खराबी की वजह से सबसे ज्यादा असर ब्रिटिश एयरवेज, ईजीजेट, केएलएम और लुफ्थांसा जैसी नामी कंपनियों की दर्जनों फ्लाइट्स पर देखने को मिला है. यूरोप की मशहूर बजट एयरलाइन ईजीजेट ने तो यहां तक दावा किया है कि उसकी कई उड़ानें टेक-ऑफ ही नहीं कर पा रही थीं.





