धर्म

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान कितनी तेज बजा सकेंगे लाउडस्पीकर? जानें नए नियम


Mumbai Ganeshotsav 2026: मुंबई में इस बार गणेशोत्सव की रौनक के साथ ध्वनि प्रदूषण के नियमों का भी सख्ती से पालन कराया जाएगा. बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति ने शहर के सभी गणेश मंडलों से अपील की है कि उत्सव के दौरान लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि उपकरणों का इस्तेमाल निर्धारित सीमा के भीतर ही किया जाए. नियमों का उल्लंघन करने वाले मंडलों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो सकती है.

रात 10 बजे के बाद कम रखनी होगी आवाज

ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अनुसार आवासीय क्षेत्रों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ध्वनि का स्तर 55 डेसिबल और रात 10 बजे के बाद 45 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए. समन्वय समिति का कहना है कि गणेश मंडलों को इन सीमाओं की जानकारी दी जा रही है और उनसे डीजे के बजाय ढोल-ताशे तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ उत्सव मनाने की अपील की गई है.

मुंबई में गणपति विसर्जन के चार प्रमुख दिनों 15, 18, 19 और 25 सितंबर को लाउडस्पीकर तथा एम्पलीफायर रात 12 बजे तक चलाने की अनुमति है. हालांकि इस दौरान भी ध्वनि की निर्धारित सीमा का पालन करना होगा. समिति ने स्पष्ट किया है कि देर रात तक अनुमति मिलने का अर्थ तेज आवाज में संगीत बजाने की छूट नहीं है. नियम तोड़ने पर संबंधित मंडल या आयोजक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

छोटे मंडलों की बढ़ी परेशानी

दूसरी ओर, महाप्रसाद की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने भी नियम सख्त किए हैं. महाप्रसाद तैयार करने वाले सप्लायर के पास खाद्य सुरक्षा से जुड़ा वैध लाइसेंस होना अनिवार्य किया गया है. छोटे गणेश मंडलों का कहना है कि सीमित बजट में लाइसेंसधारी सप्लायर की सेवा लेना आसान नहीं है. उन्होंने FDA से छोटे मंडलों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की है.

मूर्तियों की ऊंचाई पर स्पष्ट नीति की मांग

गणेश मूर्तियों की ऊंचाई और विसर्जन को लेकर भी मंडलों में असमंजस बना हुआ है. समन्वय समिति ने महाराष्ट्र सरकार, बीएमसी और संबंधित विभागों से अदालत के निर्देशों के अनुसार एक स्पष्ट और साझा नीति बनाने की मांग की है. बॉम्बे हाई कोर्ट की मौजूदा अंतरिम व्यवस्था के तहत छह फीट तक की प्लास्टर ऑफ पेरिस मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया जाना है, जबकि छह फीट से ऊंची मूर्तियों को प्राकृतिक जलस्रोतों में विसर्जित करने की अनुमति दी गई है.

समिति का कहना है कि फैसला लागू करते समय मुंबई की सड़कों, विसर्जन मार्गों, पुलों और रास्ते में आने वाली दूसरी बाधाओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए.

FAQ:

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान आवाज की सीमा कितनी है?
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक 55 डेसिबल और रात 10 बजे के बाद 45 डेसिबल की सीमा बताई गई है.

गणेश मंडलों के महाप्रसाद के लिए क्या नियम है?
महाप्रसाद तैयार करने वाले सप्लायर के पास खाद्य सुरक्षा से जुड़ा वैध लाइसेंस होना आवश्यक है.

छह फीट तक की PoP गणेश मूर्तियों का विसर्जन कहां होगा?
मौजूदा अंतरिम व्यवस्था के अनुसार छह फीट तक की PoP मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया जाएगा.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button