
फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार को प्रसिद्ध एफिल टावर बंद रहा. वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने हड़ताल की थी. कर्मचारियों और मैनेजमेंट के मुताबिक, यह हड़ताल एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को वहां से हटाए जाने के विरोध में की गई. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (BAPS) समूह से जुड़े लगभग 100 लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को इस मशहूर जगह का दौरा किया था. इस दिन सीन नदी पर एक सांस्कृतिक नाव जुलूस भी निकाला गया था.

एफिल टावर के कर्मचारियों ने एक बयान जारी कर दौरे पर महिला कर्मचारियों को घटाने की घटना की आलोचना की. उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों को उनके सेक्स की वजह से काम से अलग किया गया, उनकी जगह पुरुषों को लगाया गया और उन्हें इस तरह रखा गया कि वे दिखाई न दें. कर्मचारियों ने इसे लेकर नाराजगी जताई.
कर्मचारियों ने कहा कि एफिल टावर की महिला कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्टर्स के साथ काम करने वाली महिला कर्मचारियों को इस प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए खुद को छिपाने के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति में डाले जाने से वे हैरान थीं. कर्मचारियों के मुताबिक, कुछ महिला कर्मचारियों को अपनी जगह छोड़कर दूसरी जगह जाने को कहा गया. कुछ जगहों पर उनकी जगह पुरुष कर्मचारियों को लगा दिया गया. इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल के मौजूद रहने तक सभी महिला कर्मचारियों को कुछ खास जगहों से गुजरने या उन जगहों को पार करने से मना किया गया.
हिंदू प्रतिनिधिमंडल ने क्या मांग की थी?
AFP की रिपोर्ट के अनुसार पेरिस के मशहूर एफिल टावर का संचालन करने वाली कंपनी एसईटीई ने माना कि हिंदू प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी व्यवस्था की मांग की थी, जिसमें “महिलाओं के साथ आमने-सामने आने (इंटरैक्शन)” को कम से कम रखा जाए. कंपनी ने कहा कि ऐसी शर्तों को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए था. कंपनी ने कहा कि ये शर्तें एसईटीई के मूल्यों और पुरुषों और महिलाओं के बीच समानता के सिद्धांतों के खिलाफ थीं. कंपनी ने कहा कि वह इस मामले के नतीजों की जिम्मेदारी लेगी.
एफिल टावर की वेबसाइट के मुताबिक, हर साल करीब 70 लाख लोग यहां आते हैं. कर्मचारियों के एक प्रतिनिधि ने बताया कि टावर सोमवार को पूरे दिन बंद रहा, लेकिन मंगलवार को यह सामान्य रूप से खुलेगा. बता दें कि BAPS ने रविवार को पेरिस के पास फ्रांस में अपने पहले बड़े मंदिर उद्घाटन किया.
NDTV ने BAPS का पक्ष जानने के लिए उन्हें इमेल भेजा है. उनकी प्रतिक्रिया आते ही कॉपी को अपडेट किया जाएगा.
(इनपुट- न्यूज एजेंसी एएफपी)
यह भी पढ़ें: जर्मनी के एक राज्य में कट्टर दक्षिणपंथी सरकार का बनना दुनिया के लिए क्यों बड़ी खबर?





