
जब भी होटल या ढाबे हम पर खाना खाने जाते हैं, तो ऑर्डर में सबसे पहले तंदूरी रोटी को चुनते हैं. क्योंकि बटर लगी गरमा-गरम तंदूरी रोटी का स्वाद ही अलग होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके लिए तंदूर की जरूरत नहीं है? आप बिल्कुल वैसी ही खस्ता और स्वादिष्ट तंदूरी रोटी अपने घर के आम लोहे के तवे पर आसानी से बना सकते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. आइए जानते हैं इस आसान ट्रिक के बारे में.
क्यों नहीं पड़ती तंदूर की जरूरत?
अक्सर लोगों को लगता है कि होटल जैसी तंदूरी रोटी बनाने के लिए मिट्टी का तंदूर या महंगा ओवन होना जरूरी है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. आपकी किचन में मौजूद सामान्य लोहे का तवा इस काम के लिए एकदम परफेक्ट है. बस आपको इसे इस्तेमाल करने का सही तरीका पता होना चाहिए. नॉन-स्टिक तवे के बजाय अगर आप लोहे के भारी तवे का इस्तेमाल करेंगे, तो रिजल्ट बिल्कुल वैसा ही मिलेगा जैसा आपको किसी होटल में मिलता है.
तंदूरी रोटी बनाने के लिए आटा गूंथने का सही तरीका-
रोटी का स्वाद और सॉफ्टपन पूरी तरह से आटा गूंथने पर निर्भर करता है.
तंदूरी रोटी के लिए मैदा या गेहूं का आटा, दोनों में से किसी का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. आप चाहें तो आधा मैदा और आधा आटा मिलाकर भी ले सकते हैं.

कैसे गूंथे आटा-
आटे में थोड़ा सा नमक, आधा चम्मच चीनी और दो से तीन चम्मच ताजा दही मिलाएं. दही डालने से रोटी अंदर से बहुत सॉफ्ट बनती है. आटे को हमेशा गुनगुने पानी से गूंथें. गूंथने के बाद आटे को कम से कम 20 से 30 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह अच्छे से सेट हो जाए.
तवे पर तंदूरी रोटी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप ट्रिक-
- सबसे पहले आटे की एक बड़ी लोई लें और उसे थोड़ा मोटा बेल लें. ध्यान रखें कि तंदूरी रोटी आम रोटी से थोड़ी मोटी होती है.
- अब बेली हुई रोटी के एक तरफ पानी अच्छी तरह लगा लें. पानी थोड़ा ज्यादा लगाएं ताकि यह तवे पर चिपकी रहे और गिरे नहीं.
- जिस तरफ पानी लगाया है, उस हिस्से को गर्म तवे पर चिपका दें. तवा पहले से तेज गर्म होना चाहिए.
- जैसे ही रोटी तवे पर चिपकेगी, उसपर छोटे-छोटे बुलबुले उठने लगेंगे.
- अब तवे को उल्टा करें और गैस की आंच पर घुमा-घुमा कर रोटी को सेंक लें.
- आंच मीडियम से तेज होनी चाहिए ताकि रोटी चारों तरफ से अच्छी तरह सिक जाए और उसपर तंदूर जैसे भूरे निशान आ जाएं.
- इसके बाद चिमटे की मदद से रोटी को तवे से उतार लें और गरमा-गरम इसपर बटर या घी लगाएं.
स्वादिष्ट और सेहतमंद ऑप्शन-
अगर आप मैदे से बचना चाहते हैं, तो आप पूरी तरह से गेहूं के आटे से भी यह तंदूरी रोटी बना सकते हैं. यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छी होती है. आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा बारीक कटा हुआ हरा धनिया और लहसुन लगाकर इसे ‘बटर गार्लिक नान’ या ‘गार्लिक तंदूरी रोटी’ का रूप भी दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: घर पर बनाएं McD स्टाइल पनीर बर्गर, स्वाद ऐसा कि बाहर का खाना भूल जाएंगे





