खबर

फैमिली कोर्ट में ‘रिश्तों का रण’! ससुर-दामाद के बीच जमकर चले लात-घूंसे, पेशी के दौरान हुआ विवाद | tikamgarh court fight family court viral video father in law son in law clash court premises dispute mp news



एमपी के टीकमगढ़ जिला न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब फैमिली कोर्ट के बाहर ससुर और दामाद के बीच विवाद अचानक मारपीट में बदल गया. दोनों पक्ष एक पारिवारिक मामले में पेशी पर कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन देखते ही देखते बहस हाथापाई तक पहुंच गई. कोर्ट परिसर में मौजूद वकील, पक्षकार और अन्य लोग घटना को देखते रहे, जबकि कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

सूर्य प्रकाश गोस्वामी की रिपोर्ट…

फैमिली कोर्ट के बाहर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, मामला एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसकी सुनवाई फैमिली कोर्ट में चल रही है. गुरुवार को दोनों पक्ष निर्धारित पेशी पर टीकमगढ़ जिला न्यायालय पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई.

एक-दूसरे को जमीन पर पटककर की मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बरसात कर दी. मारपीट के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर धक्का-मुक्की और हाथापाई करते रहे. काफी देर तक कोर्ट परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही, जिससे वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई.

घटना के दौरान कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. कई लोगों ने बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंच गया और वायरल होने लगा. हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकांश लोग पूरे घटनाक्रम को सिर्फ देखते रहे.

बेटी से विवाद को बताया जा रहा वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, ससुर की बेटी और दामाद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. बताया जा रहा है कि बेटी के साथ मारपीट की बात सामने आने के बाद पिता नाराज था. पेशी के दौरान दोनों आमने-सामने आए तो विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

जानकारी के मुताबिक, मारपीट में शामिल दामाद धनुष दर्रेठा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि उसका ससुर मबई गांव का निवासी है. दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है.

अब तक नहीं हुई पुलिस में शिकायत

घटना भले ही कोर्ट परिसर में हुई हो, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. ऐसे में पुलिस की ओर से भी कोई औपचारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है. हालांकि, वायरल वीडियो के कारण यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button