

नई दिल्ली:
हिंदी फिल्मों के गाने उनकी जान होते हैं क्योंकि जितनी क्रिएटिविटी पूरी फिल्म को बनाने में लगती है, उससे कई गुना इन गानों को रचने मेँ भी इस्तेमाल होती है. लिरिक्स राइटर तरह-तरह के प्रयोग करते हैं. अतरंगी शब्दों को चुनते हैं. कई बार ये शब्द कोई मतलब नहीं देते हैं, लेकिन जुबान पर ऐसे चढ़ जाते हैं कि उतरने का नाम नहीं लेते हैं. एक ऐसा ही गाना 64 साल पहले रिलीज हुआ था. इस गाने में मनोज कुमार और हेलेन नजर आए थे. गाने के बोले थे ‘तिकी रिकी तिकी रिकी ताकुरी, तिकी रिकी तिकी रिकी तुम’ जिसे मोहम्मद रफी और आशा भोसले ने गाया था.
वो कौन थी? फिल्म का यादगार गाना
बेशक ‘वो कौन थी?’ फिल्म के इस गाने को छह दशक से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन ये आज भी संगीतप्रेमियों का पसंदीदा गाना बना हुआ है. राजा मेहदी अली खान के बेजोड़ बोल और मदन मोहन की मधुर धुन पर मोहम्मद रफी और आशा भोसले की जुगलबंदी ने इस गाने को अमर बना दिया. 1964 की फिल्म ‘वो कौन थी’ का यह हल्का-फुल्का डांस नंबर मनोज कुमार और हेलेन की जोड़ी से और भी खास बन गया था.
यह भी पढ़ें: 32 साल पुराना सीरियल का वो गाना जो आज भी है घनघोर इश्क की मिसाल, सोनू निगम की आवाज
‘तिकी रिकी तिकी रिकी ताकुरी, तिकी रिकी तिकी रिकी तुम’ फिल्म के गंभीर सस्पेंस के बीच ताजगी भरा रोमांटिक ट्विस्ट है. इसके बोल जैसे ‘कल जो मिला था मुझे ख्वाब में, वही तो नहीं हो क्या तुम’ और ‘कल ही दिया था मैंने दिल तुम्हें, बोलो जी किया है कहां गुम’ आज भी काफी कैची है और पसंद किए जाते हैं. पार्टी सीन में मनोज कुमार और हेलेन का डांस इस गाने को यादगार बनाता है.
फिल्म की कहानी
7 फरवरी 1964 को रिलीज हुई राज खोसला निर्देशित ब्लैक एंड व्हाइट सस्पेंस थ्रिलर ‘वो कौन थी’ विल्की कॉलिन्स के उपन्यास टद वुमन इन व्हाइटट से इंस्पायर्ड है. शिमला के बैकग्राउंड में शूट फिल्म की शुरुआत तूफानी रात से होती है. डॉक्टर आनंद (मनोज कुमार) सड़क किनारे सफेद कपड़ों में खड़ी रहस्यमय महिला (साधना) को लिफ्ट देते हैं. वह कब्रिस्तान में गायब हो जाती है. बाद में आनंद की मंगेतर सीमा (हेलेन) की रहस्यमय मौत हो जाती है. मां के कहने पर आनंद संध्या से शादी कर लेता है, लेकिन शादी की रात पता चलता है कि संध्या वही महिला है. फिल्म में लालच, जुड़वां बहनों और कई तरह की साजिश जैसे विषयों को छुआ गया है.
हीरोइन का डबल रोल, साथ में बाकी स्टारकास्ट
‘वो कौन थी?’ में साधना ने डबल रोल निभाया. मनोज कुमार डॉक्टर आनंद और हेलेन सीमा के किरदार में हैं जबकि प्रेम चोपड़ा ने रमेश यानी खलनायक का रोल किया है. के.एन. सिंह, रत्नमाला, परवीन चौधरी, धूमल और मोहन चोटी भी अहम किरदारों में हैं. निर्देशक राज खोसला, निर्माता एन.एन. सिप्पी, संगीतकार मदन मोहन और गीतकार राजा मेहदी अली खान की टीम ने फिल्म को यादगार बनाया.
बजट, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और ओटीटी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म करीब 20 लाख के बजट में बनी थी. उस समय लगभग 1 करोड़ की कमाई कर सुपरहिट साबित हुई और कई जगहों पर सिल्वर जुबली मनाई. यह राज खोसला-साधना की सस्पेंस ट्रिलॉजी की पहली कड़ी थी. इसके बाद 1966 में मेरा साया और 1967 में अनिता फिल्म आई. तीनों में ही साधना लीड रोल में थीं. इसे ओटीटी पर अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है.
आज भी ‘वो कौन थी’ और उसका यह गाना भारतीय सिनेमा की धरोहर हैं. इसलिए कहा जाता है कि कला समय की मोहताज नहीं होती.





