मध्य प्रदेश

कार रोकने पर भड़का युवक, चौकीदार को कुचला; महिला मित्र भी गिरफ्तार


मध्य प्रदेश के इंदौर में कॉलोनी में कार लेकर घुसने से रोकना एक चौकीदार को भारी पड़ गया. लसूडिया थाना क्षेत्र की एग्जोटिका कॉलोनी में गेट पर तैनात चौकीदार को कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों घटना के बाद विदेश भागने की फिराक में थे. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय (37) मूल रूप से देवास का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ एग्जोटिका कॉलोनी में चौकीदारी करता था. बुधवार रात राजकुमार कुमावत अपनी महिला मित्र शालिनी के साथ कार से कॉलोनी के गेट पर पहुंचा. बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र ने कॉलोनी में प्रवेश करने से पहले कार को रोक दिया. इसी बात को लेकर राजकुमार और चौकीदार के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार ने धर्मेंद्र पर कार चढ़ा दी.

यह भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ में बिहार के 12 लोग लापता, एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल

इलाज के दौरान चौकीदार ने तोड़ा दम

कार की टक्कर से धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. इस घटना में गोविंद नाम के एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है.

बस स्टैंड के पास दबोचे गए दोनों आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने बाईपास स्थित बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर राजकुमार कुमावत और उसकी महिला मित्र शालिनी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के समय कार कौन चला रहा था और विवाद के बाद आरोपी किस तरह मौके से फरार हुए.

विदेश भागने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी घटना के बाद विदेश भागने की तैयारी में थे. हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब उनके संभावित विदेश जाने की योजना, यात्रा दस्तावेजों और घटना के बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है. इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चौकीदार को कार से कुचलने की घटना अचानक हुए विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
यह भी पढ़ें- फरक्का जल संधि पर JDU का बड़ा अभियान, 12 जिलों में ‘नीतीश संवाद’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button