
मध्य प्रदेश के दमोह में रक्षाबंधन के दिन करैया और धरमपुरा फाटक के पास एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. हिंडोरिया थाना क्षेत्र के करैया गांव निवासी 30 वर्षीय मुकेश अहिरवार की करैया फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई. इसके बाद उसके माता-पिता 65 वर्षीय भरत अहिरवार और 60 वर्षीय उमा अहिरवार की धरमपुरा फाटक के पास भी मौत हो गई. माना जा रहा है कि माता और पिता ने भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी.
स्थानीय लोगों की सूचना पर आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. तीनों शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया. मृतक भरत अहिरवार जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे.
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. कुछ पड़ोसियों के बयान दर्ज किए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: MP में अस्पताल से चार लाख रुपये के जेवर लेकर भागा कुत्ता, कांग्रेस ने साधा निशाना
कुछ देर पहले बताई थी घर की समस्या- पड़ोसी
मृतक के पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ समय पहले मुकेश उसके पास आया था और घर में समस्या होने की बात कही थी. इसके कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली. हालांकि इस जानकारी की पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है. रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना के बाद करैया गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: सीधी: 104 करोड़ की सड़क बहने का दावा भ्रामक, विभाग ने दी जानकारी
