
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला. दोनों दलों के विधायक हाथों में तख्तियां लेकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
विपक्ष ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में बीजेपी के विरोध में प्रदर्शन किया गया. बीजेपी ने हिमकेयर और सहारा योजना को लेकर सरकार को घेरा. विपक्ष का आरोप है कि इन योजनाओं को कमजोर करने या बंद करने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और गरीब व जरूरतमंद लोगों से मुफ्त इलाज की सुविधा छीनी जा रही है.
सरकार हिमकेयर योजना बंदकर स्वास्थ्य सुविधाओं से कर रही वंचित
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदेश के बच्चे-बच्चे को थी और लाखों लोगों को इसके माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इस योजना को बंद कर प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित कर रही है. जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष के प्रदर्शन पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को अभी से विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि प्रदेश की जनता आने वाले समय में उसे सत्ता से बाहर करने वाली है.
वहीं, सत्ता पक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन किया. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है.
हिमाचल: ‘वंदे मातरम् पर राजनीति कर रही BJP, मुद्दों से भटका रही’, कांग्रेस का हमला
बीजेपी को सत्ता में वापसी के सपने को देखना कर देना चाहिए बंद
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष इन मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए प्रदर्शन की राजनीति कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ आगामी चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को सत्ता में वापसी के सपने देखना बंद कर देना चाहिए.
मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक माहौल गरमाया रहा. जिस तरह से दोनों दल लगातार एक-दूसरे पर हमलावर हैं, उससे आने वाले दिनों में विधानसभा सत्र के दौरान राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
हिमाचल विधानसभा में हंगामा, राष्ट्रगान के मुद्दे पर BJP का वॉकआउट
