खबर

iPhone की EMI या कोई और वजह, महाराष्ट्र में 3 मौतों का सच क्या? रिश्तेदार के वीडियो ने बढ़ाया सस्पेंस | maharashtra chhatrapati sambhajinagar hill kunal chandgude family iphone emi rumors truth


छत्रपति संभाजीनगर:

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 21 अगस्त को पहाड़ी से गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद एक कहानी सामने आई. दावा किया गया कि 18 साल के कुणाल चंदगुड़े ने EMI पर iPhone खरीदा था लेकिन जब वह हर महीने की किस्त नहीं चुका पाया तो उसने माता-पिता से मदद मांगी. इसी बात को लेकर घर में झगड़ा हो गया. इसके बाद ही कुणाल पहाड़ी से कूदने की धमकी दे रहा था और उसे नीचे लाने की कोशिश कर रहे अपने पिता के साथ 250 फीट गहरी खाई में गिर गया. इसके बाद मां संगीता ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी. 

लेकिन अब इस कहानी को लेकर एक नया एंगल सामने आया है. संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने iPhone वाली बात को ‘अफवाह’ बताया है और कहा है कि ऐसी अफवाहें फैलाने वालों को कुछ नहीं पता. 

पल्लवी अपनी बहन, भतीजे और जीजा मुरलीधर की अस्थियां लेकर घर लौट रही थीं, तभी उन्होंने एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया और बताया कि उनका परिवार किस दौर से गुजर रहा है. उन्होंने कहा, ‘संगीता चंदगुड़े, कुणाल चंदगुड़े और मुरलीधर चंदगुड़े… कोई और नहीं बल्कि मेरी बड़ी बहन, मेरी बहन का बेटा और मेरे जीजाजी थे. आज उन तीनों को खोने के बाद हम किस हालत में हैं, यह सिर्फ हम ही जानते हैं.’

iPhone वाली बात का क्या है सच?

इस दुर्घटना के बाद दावा किया कि iPhone और उसकी EMI के कारण ही कुणाल और उसके माता-पिता की जान चली गई. हालांकि, पल्लवी ने इसे ‘अफवाह’ बताया है. उन्होंने कहा, ‘आप जो बातें कह रहे हैं, उनसे हमें बहुत दुख हो रहा है.’

पाटिल ने कहा कि उनका सोशल मीडिया फीड ऐसे वीडियो से भरा पड़ा है जिनमें परिवार की मौत को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं.

उन्होंने पूछा, ‘आपने इन वीडियो के जरिए अपनी राय तो जाहिर की है, लेकिन आपको असलियत का कुछ पता नहीं है. आप हमें नहीं जानते और न ही आपको इस सबके पीछे की सच्चाई पता है. फिर भी आप गलत बातें फैला रहे हैं. क्या आपको अंदाजा भी है कि इन वीडियो से मेरे माता-पिता को कितना दुख हो रहा है?’

पाटिल ने बताया कि संगीता उनके माता-पिता की चार संतानों में सबसे बड़ी थीं. उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी वीडियो बनाने से पहले वे उस परिवार के बारे में सोचें जो पीछे रह गया है.

उन्होंने हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा कि ‘हम ऐसी मानसिक स्थिति में नहीं हैं कि सोच सकें कि आगे कैसे बढ़ें और खुद को कैसे संभालें… हम इस सदमे को झेल नहीं पा रहे हैं. कुछ भी कहने से पहले याद रखें कि मेरे माता-पिता 75 साल के हैं और वे ऐसी बातों का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे.’

यह भी पढ़ेंः iPhone EMI बनी जानलेवा टेंशन! संभाजीनगर में उजड़ा परिवार, तो दिल्ली में यमुना में कूद गया युवक

क्या हो सकती है इसके पीछे की वजह?

ऐसा माना जा रहा है कि पारिवारिक झगड़ा भी एक वजह हो सकता है. मुरलीधर एक ट्रक ड्राइवर थे, जबकि संगीता घर संभालती थीं. छह साल पहले बीमारी के कारण उन्होंने अपने बड़े बेटे को खो दिया था. सूत्रों के मुताबिक, बेटे की मौत के बाद परिवार में झगड़ा शुरू हो गया और दोनों अलग-अलग रहने लगे.

मुरलीधर काम में इतने डूब गए कि कई महीनों तक घर नहीं आते थे. पिछले तीन महीनों से शहर से बाहर रहने के बाद, मुरलीधर घटना से दो दिन पहले ही घर लौटे थे, जिसके बाद झगड़े शुरू हो गए.

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, पुलिस को संगीता का एक वीडियो मिला है जो उनके खराब रिश्तों की ओर इशारा करता है.

Latest and Breaking News on NDTV

एक वायरल वीडियो में संगीता को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘तुमने प्रॉपर्टी के लालच में मुझे और मेरे बेटे को हमारा हक नहीं दिया. तुमने न तो भाइयों को एक होने दिया और न ही माता-पिता और बच्चों को साथ रहने दिया. तुमने मेरे खुशहाल और अच्छे-खासे परिवार को बर्बाद कर दिया.’ 

बिना किसी का नाम लिए या संदर्भ बताए, उन्होंने आगे कहा, ‘तुमने मेरे परिवार में जो जहर घोला… जिस तरह तुमने मेरे बेटे को उसके माता-पिता से दूर किया… तुम्हारे इस पाप की सजा आने वाली सात पीढ़ियां भुगतेंगी. यह मेरा श्राप है.’

पुलिस इस पोस्ट और इसके छिपे हुए मतलब को समझने की कोशिश कर रही है.

यह भी पढ़ेंः iPhone सुसाइड केस में ट्विस्ट: पहाड़ से कूदने वाली संगीता का नया वीडियो वायरल, कौन था वो जिसने परिवार तोड़ा?

संगीता का YouTube चैनल जांच के दायरे में

संगीता एक एक्टिव YouTuber थीं, जिनके 29,000 से ज्यादा सब्सक्राइबर थे और वह अक्सर अपने बेटे के साथ वीडियो पोस्ट करती थीं. इस दुखद घटना से एक दिन पहले, संगीता ने रिश्तों और उनकी अहमियत पर एक वीडियो पोस्ट किया था.

एक मिनट के मराठी वीडियो में उन्होंने कहा, ‘अपना सब कुछ उसी इंसान को दें जो आपकी और आपके प्यार की कद्र करता हो. अगर कोई आपकी या आपके प्यार की कद्र नहीं करता, या आप उनके लिए जो करते हैं उसे अहमियत नहीं देता, तो ऐसे इंसान के लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है.’

Latest and Breaking News on NDTV

रिश्तों की तुलना चपाती से करते हुए उन्होंने कहा कि रिश्ते तभी सबसे अच्छे चलते हैं जब दोनों लोग उनकी अहमियत समझते हैं.

उन्होंने कहा, ‘रिश्तों के मामले में भी ऐसा ही है. अगर दोनों तरफ से कोशिश हो रही है और दोनों ही इसकी अहमियत समझ रहे हैं, तो ऐसे रिश्ते में बने रहना चाहिए. लेकिन अगर एक व्यक्ति इसकी अहमियत समझ रहा है और दूसरा नहीं, तो ऐसे रिश्ते का कोई मतलब नहीं है. ऐसे रिश्ते से बाहर निकल जाना ही हमेशा बेहतर होता है.’

कुणाल ने पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुणाल एक साल पहले भी आत्महत्या करने के इरादे से उसी पहाड़ी पर गया था. तब पुलिस ने उसे मना लिया था और सुरक्षित नीचे ले आई थी.

यह भी पढ़ेंः iPhone ही नहीं और भी थे कई कारण, महाराष्ट्र की घटना में पुलिस-पड़ोसी ने बताई असल कहानी, Ground Report

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध – सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button