खबर

45 साल पुराना गणपति का वो गाना जिसमें मिथुन, डैनी और अमजद खान ने दिखाई भक्ति की शक्ति, 5 सिंगर्स ने गाया, आज भी नंबर वन | 45 year old hindi Ganpati song devotional fervor of Mithun Chakraborty Danny and Amjad Khan sung by 5 singers remains superhit to this day



नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा में हर मौके के लिए गीत मौजूद हैं. फिर वो चाहे शादी से जन्मदिन का मौका हो या फिर होली से लेकर गणपति पूजन तक. हर खास मौके के लिए ढेर सारे गीत हैं. ऐसा ही एक गाना 1981 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम से बढ़कर कौन’ का है जिसमें गणपति का गाना ‘देवा हो देवा गणपति देवा’ आज भी हर गणेशोत्सव में गूंजता है. लगभग 45 साल बीत जाने के बावजूद यह गाना अपनी लोकप्रियता नहीं खोया. मिथुन चक्रवर्ती, डैनी डेंजोंगपा और अमजद खान जैसे सितारों ने स्क्रीन पर बप्पा से गुहार लगाई थी और 5 सिंगर्स की आवाजों ने इसे अमर बना दिया. 

1981 में रिलीज हुई फिल्म का गाना बना सुपरहिट

दीपक बाहरी के निर्देशन में बनी ‘हम से बढ़कर कौन’ 3 जुलाई 1981 को रिलीज हुई थी. यह एक्शन-एडवेंचर फिल्म चार भाइयों की कहानी पर आधारित है, जो बचपन में बिछड़ जाते हैं और बड़े होकर अलग-अलग रास्तों पर चलते हैं. मुख्य भूमिकाओं में मिथुन चक्रवर्ती, अमजद खान, डैनी डेंजोंगपा, विजयेंद्र घाटगे, रंजीता कौर और काजल किरण शामिल थे. संगीत राम लक्ष्मण ने दिया था और गीत रविंदर रावल के लिखे हुए थे.

‘देवा हो देवा गणपति देवा’ फिल्म का सबसे यादगार ट्रैक साबित हुआ. गाना संस्कृत श्लोक ‘वक्रतुंड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभा’ से शुरू होता है, जिसके बाद भक्ति और उत्साह भरे बोल आते हैं, ठदेवा हो देवा गणपति देवा, तुमसे बढ़कर कौन, स्वामी तुमसे बढ़कर कौन… और तुम्हारे भक्तजनों में हमसे बढ़कर कौन.’ यह गीत सिर्फ भक्ति नहीं, बल्कि भक्तों की आस्था और आशा को भी व्यक्त करता है.

पांच सिंगर्स ने गाया और बन गया यादगार

इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसके गायक हैं. मोहम्मद रफी, आशा भोसले, भूपिंदर सिंह, शैलेन्द्र सिंह और सपना चक्रवर्ती ने मिलकर इसे गाया. रफी साहब की गंभीर और भावपूर्ण आवाज श्लोक में झलकती है. लगभग 7 मिनट 12 सेकंड लंबा यह गाना पारंपरिक भजन, मंजीरे और ड्रम बीट्स के साथ भारतीय संगीत की सुंदर मिसाल है. यह गाना सिर्फ फिल्मी ट्रैक नहीं, बल्कि गणेशोत्सव की पहचान बन चुका है. जब भी ‘गणपति बाप्पा मोरया’ तो ये गाना जेहन में कौंधने लगता है. 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button