खबर

पति को था पत्नी के अफेयर का शक, 5 स्टार होटल ले जाकर दो बेटियों का घोंटा गला; फिर खुद की काटी गर्दन | Bengaluru Father Kills Two Daughters In Five Star Hotel Before Attempting Suicide



कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद भी अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की.  पुलिस को होटल के कमरे में दो मासूमों की लाशें बिस्तर पर पड़ी मिलीं, जबकि खून से लथपथ पिता टॉयलेट में जिंदगी और मौत के बीच झूलता मिला. आरोपी पिता का नाम एसजी इमरान है. वह फिलहाल अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है.

होटल के टॉयलेट में खून से लथपथ मिला आरोपी

यह वारदात बेंगलुरु के एक नामी फाइव स्टार होटल की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एसजी इमरान अपनी 10 साल और 5 साल की दो बेटियों के साथ होटल के कमरे में रुका हुआ था. शाम को जब होटल का हाउसकीपिंग और सफाई स्टाफ कमरे की सफाई के लिए पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई. काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने मास्टर की से दरवाजा खोला.

कमरे का नजारा देखते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए. दोनों मासूम बच्चियां बिस्तर पर बेसुध पड़ी थीं और उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं, पास के टॉयलेट में इमरान खून से लथपथ पड़ा हुआ था. उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार का गहरा निशान था.

होटल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने इमरान को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

सुसाइड नोट में क्या था?

वारदात के बाद पुलिस को मौके से एक खून से सना हुआ चाकू और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमरान को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे शख्स के साथ अफेयर चल रहा है.

इमरान ने अपने सुसाइड नोट में इस बात का जिक्र करते हुए लिखा कि उसके पास अपनी पत्नी के अवैध संबंधों के पक्के सबूत हैं. उसने आगे जो लिखा, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया.

इमरान ने लिखा, “मैं नहीं चाहता था कि मेरी बच्चियां इस तरह की मां के साए में पली-बढ़ी हों या ऐसी मां के साथ बड़ी हों. इसलिए मैंने अपनी दोनों बेटियों को मारकर खुद भी खत्म होने का फैसला किया.”

पुलिस जांच में क्या-क्या आया सामने?

घटना की जानकारी देते हुए बेंगलुरु के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) जी.के. मिथुन कुमार ने बताया कि आरोपी इमरान ने अपनी दोनों बेटियों की हत्या करने की बात कबूल कर ली है.

शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसने पहले दोनों बच्चियों का गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतारा और फिर टॉयलेट में जाकर चाकू से अपनी गर्दन रेतकर खुदकुशी करने की कोशिश की.

डीसीपी ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि होटल के कमरे में दो बच्चियों के शव मिले हैं. कमरे में मौजूद पिता ने भी खुदकुशी की कोशिश की थी. आरोपी इमरान बेंगलुरु के ही नागावारा इलाके का रहने वाला है. उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क कर रही है ताकि इमरान के पेशे, पारिवारिक बैकग्राउंड और हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सके.” 

पुलिस अब इस पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है कि आखिर यह घटना कब और कैसे अंजाम दी गई.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: हॉस्टल में सो रही 6 छात्राओं को जहरीले सांप ने डसा, 3 मासूमों की मौत




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button