

धूप, तनाव, हार्मोनल बदलाव, बढ़ती उम्र इन सभी वजहों के बारे में तो आप जानते ही होंगे, लेकिन चेहरे के किस हिस्से पर झाइयां हो रही हैं, इसके पीछे का क्या कारण है, इसके बारे में पता है? ज्यादातर लोगों के दिमाग में पिग्मेंटेशन को लेकर कई सवाल आते हैं. एनडीटीवी ने डर्मेटोलॉजिस्ट राधिका रहेजा से बात की. बातचीत में डॉक्टर राधिका ने बताया कि चेहरे के अलग-अलग हिस्सों में झाइयां होने के अलग-अलग कारण हैं. सही इलाज के लिए आपको पता होना चाहिए कि आपके चेहरे पर कहां झाइयां हैं और किस की वजह से हो रही हैं.
गालों पर झाइयां क्यों होती है | What Causes Pigmentation On Cheeks
डॉक्टर राधिका बताती हैं कि अगर आपके चीक्स यानी गालों के आसपास झाइयां हैं, तो यह हार्मोनल बदलाव की वजह से हो रही है. जिसे मेडिकल भाषा में मेलास्मा भी कहा जाता है, ऐसा तब होता है जब शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन बदलते हैं, तो स्किन में मेलेनिन बढ़ जाता है जिसकी वजह से गालों पर पिग्मेंटेशन हो सकता है.
माथे पर झाइयां क्यों होती है | Pigmentation On Forehead Causes
डॉक्टर राधिका के अनुसार अगर आपके माथे पर झाइयां हैं, तो इसके पीछे की वजह डैंड्रफ हो सकती है. डैंड्रफ में पाया जाने वाला मैलासेज़िया नाम का फंगस और तेल साथ में मिलकर स्किन को इरिटेट कर सकते हैं, जिसकी वजह से माथे पर डार्क स्पॉट्स, खुजली या पिग्मेंटेशन हो सकता है.
होठों के पास झाइयां होने के कारण | Pigmentation Around Lips Causes
डॉक्टर राधिका का कहना है अगर आपको लिप्स यानी होंठों के पास झाइयों की समस्या है, तो इसके पीछे थाइरॉइड असंतुलन सबसे बड़ा कारण हो सकता है. डॉक्टर बताती हैं कि जब थाइरॉइड ठीक से काम नहीं करता है, तो हार्मोन बदलते हैं, जिसकी वजह से लिप्स के आस-पास झाइयां होने लगती हैं.
गले के पास झाइयां होने के कारण | Pigmentation Around Neck Causes
जो लोग गले के पास हो रही झाइयों से परेशान हैं, डॉक्टर राधिका का कहना है कि इसकी सबसे बड़ी वजह बढ़ा हुआ ब्लड शुगर या इंसुलिन रेजिस्टेंस का संकेत हो सकता है. ऐसे में इस समस्या से राहत पाने के लिए जरूरी है कि अपनी शुगर को चेक में रखा जाए और डॉक्टर से सलाह ली जाए.
लेखक के बारे में : डॉ. राधिका रहेजा एक अनुभवी त्वचा रोग विशेषज्ञ (Dermatologist) और हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ हैं. उन्हें त्वचा, बालों और कॉस्मेटिक समस्याओं के उपचार का 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. रोगियों की जरूरतों को समझते हुए व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार करना उनकी विशेष पहचान है. त्वचा और बालों से जुड़ी सामान्य से लेकर जटिल समस्याओं के उपचार के साथ-साथ वे आधुनिक एस्थेटिक और डर्मेटोलॉजिकल प्रक्रियाओं में भी विशेषज्ञता रखती हैं.
इसे भी पढ़ें: बेली फैट केवल दिल पर ही नहीं, दिमाग पर भी डालता है असर, स्टडी में हुआ खुलासा





