खबर

‘दूसरों की भी मां होती हैं, अपने लोगों को भी समझाइए’, PM मोदी के वीडियो पर राज ठाकरे का निशाना | Raj Thackeray political salvo Mumbai Abusing PM wrong action taken against BJP supporters too



मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (एमएनवीएस) के 20वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया वीडियो पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा गलत थी.

राज ठाकरे ने कहा, “प्रधानमंत्री का वीडियो देखा जिसमें उन्होंने कहा कि बयानबाजी अनुचित है और निचले स्तर की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. यह मुझे भी मंजूर है, लेकिन अपनी पार्टी के लोगों को भी तो यह बात समझाइए.”

“प्रधानमंत्री को बताना चाहता हूं कि दूसरों की भी मां होती हैं”

मनसे प्रमुख ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग मेरे और मेरी मां के बारे में बोलते हैं. वो गलत है. लेकिन प्रधानमंत्री को यह बताना चाहता हूं कि दूसरों की भी मां होती हैं.”

उन्होंने भाजपा पर ट्रोल संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में कई नेताओं, सामाजिक हस्तियों और कलाकारों को निशाना बनाया गया. राज ठाकरे ने कहा, “प्रधानमंत्री कहते हैं कि बच्चों को माफ कर दिया. लेकिन 12 सालों में आपके लोगों ने जो कुछ भी किया है, उसकी माफी कब मांगेंगे? जंतर-मंतर पर जो सिर फोड़े गए, उसकी माफी कौन मांगेगा?”

कलाकारों और फिल्मी हस्तियों पर भी साधा निशाना

अपने भाषण में राज ठाकरे ने कुछ कलाकारों का जिक्र करते हुए कहा, “विवेक ओबेरॉय जिन्होंने मोदी पर सिनेमा बनाया, वो दुबई रहने चले गए. मोदी के नाम का गुणगान करने वाले आर. माधवन दुबई में बस गए. ये परिवार समेत दुबई क्यों जा रहे हैं? यहां आएंगे, गवर्नमेंट स्पॉन्सर्ड सिनेमा में काम करेंगे और वापस दुबई जाएंगे.”

मंदिरों में कथित चोरी का मुद्दा उठाया

राज ठाकरे ने अयोध्या के राम मंदिर और मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का जिक्र करते हुए गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा, “राम मंदिर में 1400 करोड़ रुपये की चोरी होती है और सरकार में कोई बोलने को तैयार नहीं. वोट मांगते वक्त तो गए. मोदी ने अकेले जाकर पूजा की और प्राण प्रतिष्ठा की. फिर चोरी के बारे में नहीं बोलना चाहिए?” उन्होंने आगे कहा, “सिद्धिविनायक मंदिर में बड़े पैमाने पर चोरी हुई है. हम दान पेटी में धर्म के लिए पैसे डालते हैं और ऐसी चोरियां होती हैं. वहां के ट्रस्टी और वही के लोग ही चोरी करते हैं. सरकार पर विश्वास नहीं है इसलिए लोग मंदिर जाते हैं, तो अब मंदिर में भी चोरी होने लगी है.”

“जन आक्रोश को समझना होगा”

राज ठाकरे ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “अब तो सड़कों पर भयंकर जन आक्रोश होगा. चुनाव आने पर हम अलग तरह से विचार करेंगे, लेकिन यह आक्रोश क्यों पनपा है इसे समझना होगा.”

यह भी पढ़ें- आखिरी थ्रो से पहले यशवीर के पिता ने क्या कहा? बेटे ने अगले ही पल रच दिया इतिहास





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button