
राजस्थान रोडवेज की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. झालावाड़ में भोपाल से कोटा जा रही रोडवेज बस का चालक कथित रूप से शराब के नशे में बस सड़क किनारे खड़ी कर सो गया. बस में करीब 60 यात्री सवार थे. जब लोगों ने चालक को जगाने की कोशिश की तो उसने हंगामा शुरू कर दिया और खुद को मंत्री का करीबी बताते हुए पुलिस से भी उलझ गया. मामला झालावाड़ के मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार के सामने का है.
शराब के नशे में सोता रहा ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोपाल से कोटा जा रही राजस्थान रोडवेज की बस अचानक सड़क किनारे खड़ी हो गई. बस में करीब 60 यात्री मौजूद थे. काफी देर तक बस नहीं चली तो यात्रियों और राहगीरों ने कारण जानने की कोशिश की. लोगों ने देखा कि बस चालक सियाराम कथित रूप से शराब के नशे में सीट पर ही सोया हुआ था.

बीच रास्ते में बस खड़ी करके सो गया ड्राइवर
यात्रियों ने जगाया तो भड़क बोला- मंत्री का आदमी हूं
यात्रियों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो वह भड़क गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक पुलिसकर्मियों से भी बहस करता रहा. इस दौरान उसने खुद को मंत्री जवाहर सिंह बेड़म का आदमी बताते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.

इसके बाद पुलिस ने रोडवेज अधिकारियों को सूचना दी. रोडवेज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं यात्रियों को दूसरी बसों और वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया. बस के परिचालक यूनुस ने बताया कि वह भोपाल से झालावाड़ आए थे और यहां बस स्टैंड पर गाड़ी सवारी के लिए खड़ी करके खाना खा रहे थे.
जब खाना खाकर वापस आए तो देखा कि गाड़ी गायब थी. ऐसे में पता चला कि ड्राइवर गाड़ी लेकर वहां से निकल गया और कुछ सवारी व कंडक्टर को भी बस स्टैंड पर ही छोड़ दिया. जब उन्होंने पीछा करके गाड़ी रुकवाना चाहिए तो बड़ी मुश्किल से उसने गाड़ी रोकी.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान: डिलीवरी के बाद भीलवाड़ा में 2 और महिलाओं की मौत, स्वास्थ्य महकमे में मचा हड़कंप
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: भाई-बहन समेत तीन की मौत, जयपुर से फरीदाबाद जा रहे थे सभी





