

28 जुलाई को मुंबई में निर्देशक राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘बंटवारा 1947′ का ट्रेलर लॉन्च किया गया. इस मौके पर फिल्म की लगभग पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही. हालांकि, फिल्म के निर्माता आमिर खान इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. बताया गया कि वह देश से बाहर हैं और आखिरी वक्त पर उनकी फ्लाइट रद्द हो गई, जिसकी वजह से वह ट्रेलर लॉन्च में नहीं पहुंच पाए. ट्रेलर लॉन्च के दौरान सवाल-जवाब का लंबा दौर चला, लेकिन पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनी देओल कई बार भावुक नजर आए. कई मौकों पर उनकी आंखें नम हुईं और वह अपनी भावनाओं को छिपा नहीं सके.
ये भी पढ़ें: 30 जुलाई को यहां रिलीज हो रहा 4000 करोड़ की रामायण का ट्रेलर, 4 मिनट 15 सेकंड में दिखेंगे श्रीराम से लेकर रावण तक
क्या बोलीं शबाना आजमी
सबसे भावुक पल तब आया, जब शबाना आजमी ने देओल परिवार के साथ अपने सफर का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “मैंने धर्मेंद्र जी के साथ काम किया, अभय देओल के साथ काम किया और अब सनी देओल और करण देओल के साथ भी काम कर लिया. अब सिर्फ बॉबी देओल के साथ काम करना बाकी है. उम्मीद है कि वह मौका भी जल्द मिलेगा.”
50 साल के करियर का सबसे मुश्किल सीन
इसके बाद शबाना आजमी ने फिल्म के उस सीन का जिक्र किया, जिसे उन्होंने अपने 50 साल के करियर का सबसे मुश्किल दृश्य बताया. उन्होंने कहा, “इस फिल्म में एक ऐसा सीन है, जिसमें एक इंसान के तौर पर मुझे बहुत अपमानित महसूस हुआ. ट्रेलर में उसकी एक झलक दिखाई गई है, जहां विलेन मेरा दुपट्टा खींचता है और मेरा कुर्ता फाड़ देता है. उस पल मैं खुद को बेहद असुरक्षित और बेबस महसूस कर रही थी. लेकिन जब उस सीन में सनी आकर मेरे ऊपर दुपट्टा डालते हैं, तो मुझे लगा जैसे मेरा बेटा आ गया हो, मेरा रक्षक आ गया हो.” शबाना आज़मी के मुंह से ये शब्द निकलते ही सनी देओल अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए. उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और कुछ देर तक वह बेहद भावुक नजर आए.
राजकुमार संतोषी को लेकर कही बात
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सनी देओल से उनकी और राजकुमार संतोषी की सुपरहिट जोड़ी को लेकर भी सवाल किया गया. उनसे पूछा गया कि लंबे समय बाद दोनों फिर साथ काम कर रहे हैं. इस पर सनी देओल ने ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी फिल्मों का जिक्र किया और राजकुमार संतोषी के साथ अपने लंबे सफर को याद किया. जवाब खत्म करते-करते वह एक बार फिर भावुक हो गए. उनकी आंखें नम थीं और पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई बार उन्हें अपनी भावनाओं को संभालते हुए देखा गया.
बंटवारा 1947 के बारे में
बता दें कि सनी देओल और राजकुमार संतोषी इससे पहले ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. ‘बंटवारा 1947′ दोनों की साथ में चौथी फिल्म है. राजकुमार संतोषी इससे पहले आमिर खान के साथ ‘अंदाज़ अपना अपना’ बना चुके हैं, जिसमें आमिर अभिनेता के रूप में नजर आए थे. वहीं ‘बंटवारा 1947′ में आमिर खान बतौर निर्माता जुड़े हैं और उनकी प्रोडक्शन कंपनी ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है. बताया जा रहा है कि इस फिल्म को बड़े पर्दे तक पहुंचने में करीब 16 साल का समय लगा. आमिर खान भी कई मौकों पर इस फिल्म की स्क्रिप्ट की खुलकर तारीफ कर चुके हैं.
गौरतलब है कि ‘बंटवारा 1947′ प्रसिद्ध नाटक “जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई” पर आधारित है. भारत-पाकिस्तान के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर लिखे गए इस चर्चित नाटक को वर्षों से भारतीय रंगमंच की सबसे महत्वपूर्ण कृतियों में गिना जाता है. अब राजकुमार संतोषी इसी कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आए हैं.





